बिरेतरा में खेल उत्सव की शुरुआत, 6 दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ



बालोद। न्यू प्लेयिंग इलेवन क्रिकेट क्लब बिरेतरा द्वारा आयोजित 6 दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खेल प्रेमियों और ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

उद्घाटन समारोह में जिला भाजपा महामंत्री राकेश यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष बालोद सरस्वती टेमरिया, भाजपा प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख संजय साहू, युवा नेता कुलदीप यादव, स्थानीय सरपंच टेमन साहू, शैलेन्द्र साहू, नेमेश साहू, पंचायत प्रतिनिधि तथा अरुण साहू, विजय साहू, संजय साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि तोमन साहू ने आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल युवाओं को जोड़ने का सशक्त माध्यम है। खेल से टीम भावना, अनुशासन, एकता और जीवन मूल्यों की सीख मिलती है। ग्रामवासियों एवं पंचायत की मांग पर उन्होंने खेल मैदान के समतलीकरण एवं अधूरे मंच निर्माण के लिए दो लाख रुपये की घोषणा की, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों से स्वागत किया।

जिला भाजपा महामंत्री राकेश यादव ने आयोजन समिति को खेल भावना के अनुरूप प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष 50 से 60 गांवों की टीमें इस प्रतियोगिता में भाग लेती हैं, जिससे यह आयोजन युवाओं के लिए महाकुंभ जैसा स्वरूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के साथ-साथ क्षेत्रीय खेलों और सांस्कृतिक विरासत को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए। खेल से शारीरिक व मानसिक विकास के साथ धैर्य, साहस और एकता की भावना विकसित होती है। उन्होंने ग्राम की विभिन्न मांगों को चरणबद्ध रूप से पूरा करने का आश्वासन भी दिया।

जनपद पंचायत अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया ने कहा कि क्रिकेट केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि एकता और भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम है। इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का मंच मिलता है।

मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू ने आयोजन समिति की तैयारियों, व्यवस्थाओं और साज-सज्जा की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ खेल भी अत्यंत आवश्यक है। खेल के माध्यम से भी प्रसिद्धि, सफलता और आय अर्जित कर क्षेत्र व देश को गौरवान्वित किया जा सकता है।

भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख संजय साहू ने कहा कि क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है, जिसमें निरंतर अभ्यास, टीम भावना और ऊर्जा से सफलता प्राप्त की जाती है। यह खेल युवाओं को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

स्थानीय सरपंच टेमन साहू ने अतिथियों को ग्राम की प्रमुख समस्याओं और आवश्यकताओं से अवगत कराया, जिस पर अतिथियों ने प्राथमिकता के आधार पर समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर खेल के प्रति समर्पित ग्राम के सैनिक शैलेन्द्र साहू, अमर सिंह साहू और गिरिश कुमार साहू का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कंवल सिंह सिन्हा, खीलु सिन्हा, विजय सोनवानी, होमन यादव, धनश्याम साहू, केशव साहू, अभिनय यादव, सोहन साहू, तोकेश कुमार, टिकेश्वर साहू, वेद प्रकाश साहू, हरिश साहू, खुशाल, महेन्द्र सिंह, झमेन्द्र साहू, सुरेश साहू, युगल साहू, दुर्गेश साहू, सुनेती साहू, टीलेश साहू, चतुर साहू सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page