DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सड़क सुरक्षा माह में बालोद पुलिस की सराहनीय पहल, रक्तदान से दिया मानवता और जागरूकता का संदेश

बालोद। सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत बालोद पुलिस द्वारा जिला चिकित्सालय बालोद में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसे लेकर जिलेभर में बालोद पुलिस की सराहना की जा रही है। इस शिविर का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना और समाज में मानवीय संवेदना व सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) बोनीफॉस एक्का एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है।

मानवीय संवेदनाओं की मिसाल

रक्तदान शिविर के दौरान पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने स्वयं रक्तदान कर पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को प्रेरित किया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के दौरान गोल्डन ऑवर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की अपील की। इस पहल से प्रेरित होकर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।

सेवा के साथ जागरूकता का संकल्प

बालोद पुलिस द्वारा रक्तदान के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, संयमित गति, रात्रि में अपर डिपर के सही प्रयोग, शराब सेवन कर वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा नाबालिगों को वाहन न चलाने देने जैसे विषयों पर जागरूक किया जा रहा है। सड़क सुरक्षा और मानव सेवा को समर्पित बालोद पुलिस का यह अभियान जनहित में एक प्रेरणादायक और सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।

You cannot copy content of this page