डौंडी लोहारा। ग्राम कामता की पावन धरा पर लगातार 11वें वर्ष रामायण सम्मेलन का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में पूरे गांव ने सहभागिता निभाई और ग्राम कामता अयोध्या नगरी की तरह सजा नजर आया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत डौंडी लोहारा के उपाध्यक्ष जयलाल मालेकर रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोजन समिति अध्यक्ष हरेश्वर सिन्हा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में गौतम सिन्हा, डुल्लू राम सिन्हा (ठेकेदार), पंचराम तारम, परसराम लोहेंद्र, मंगतू राम सिन्हा (ठेकेदार), प्यारेलाल कोडप्पा, डमरू राम सिन्हा (संरक्षक) एवं राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता डॉ. बी. एल. साहसी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम, मां जानकी एवं गोस्वामी तुलसीदास के तैल चित्रों के पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इस अवसर पर गौतम सिन्हा ने कहा कि आज पूरा गांव अयोध्या नगरी की तरह सजा है, जिसके पीछे श्रीराम मानस आयोजन समिति और ग्रामवासियों की सामूहिक मेहनत है। उन्होंने इस परंपरा को आगे भी बनाए रखने की शुभकामनाएं दीं। मंगतू राम सिन्हा ने कहा कि रामायण सम्मेलन से गांव में एकता और भाईचारा मजबूत होता है, जिसे श्रीराम मानस परिवार बखूबी निभा रहा है। डमरू राम सिन्हा ने कहा कि संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित रामचरितमानस मानव जीवन को भवसागर से पार कराने का मार्ग प्रशस्त करती है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में हरेश्वर सिन्हा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा पीढ़ी इस परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्य अतिथि जयलाल मालेकर ने कहा कि प्रतिवर्ष इस तरह के आयोजनों से समाज में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और ग्रामवासी इस परंपरा को आगे भी कायम रखेंगे, ऐसी उन्हें आशा है। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संपादन राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता डॉ. बी. एल. साहसी ने किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में संत शिरोमणि तुलसीदास के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर माता यह चाहती है कि उसका पुत्र भी गोस्वामी तुलसीदास जैसा महान बने।
रामायण सम्मेलन में चार मानस मंडलियों ने प्रस्तुति दी, जिनमें श्रीराम मानस समिति (स्थानीय), जय दुर्गा महिला मानस परिवार देवरी बंगला, हंसवाहिनी मानस परिवार चंपारण (राजिम) एवं तुलसी मानस परिवार रातापैली, डोंगरगांव (राजनांदगांव) शामिल रहीं। रामरस का पान कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम रात्रि 10 बजे से 11:30 बजे तक चला और प्रसाद वितरण के साथ समापन हुआ। अंत में सचिव नंदकुमार साहू द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में श्रीराम आयोजन समिति कामता के अध्यक्ष हरेश्वर सिन्हा, उपाध्यक्ष अमृत नेताम, सचिव नंदकुमार साहू, सह सचिव पुरुषोत्तम सिन्हा, कोषाध्यक्ष अशोक सिन्हा सहित सदस्य तीलेंद्र साहू, चुम्मन साहू, मंगेश साहू, दशरथ सिन्हा, राजकुमार, युगल किशोर, छगनलाल, नेतराम, गिरधारी, सरयू, जितेश्वर, लीलावर, बीरबल, संतोष सिन्हा, ईश्वर, नीरज कुंजाम, कमलेश सिन्हा एवं समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।
ग्राम कामता में 11वां रामायण सम्मेलन श्रद्धा व उत्साह के साथ संपन्न, अयोध्या नगरी सा सजा गांव
