DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

ग्राम परसुली में त्रि-दिवसीय मानस गान प्रतियोगिता श्रद्धा और भक्ति के साथ जारी, दूसरे दिन संध्या आरती में जनपद सदस्य संध्या अजेंद्र साहू रहीं मुख्य अतिथि

बालोद। ग्राम परसुली की पावन धरा पर आयोजित त्रि-दिवसीय मानस गान प्रतियोगिता भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक उल्लास के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो रही है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन आयोजित संध्या आरती कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती संध्या अजेंद्र साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों द्वारा आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। संध्या आरती के दौरान संपूर्ण वातावरण रामभक्ति से सराबोर नजर आया। मानस मंडलियों द्वारा प्रस्तुत रामचरितमानस के सुमधुर दोहों, चौपाइयों एवं भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं, युवा एवं बच्चे कार्यक्रम में उपस्थित रहकर भक्ति लाभ प्राप्त करते नजर आए। मुख्य अतिथि श्रीमती संध्या अजेंद्र साहू ने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में संस्कार, एकता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि रामचरितमानस मानव जीवन को मर्यादा, सेवा और समरसता का मार्ग दिखाती है, जिसे आत्मसात करना आज के समय में अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी आयोजक गणों, कलाकारों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम परसुली की यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। त्रि-दिवसीय मानस गान प्रतियोगिता के आगामी दिनों में भी विभिन्न मानस मंडलियों द्वारा भक्तिमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

You cannot copy content of this page