बालोद । भीम आर्मी भारत एकता मिशन के संगठनात्मक विस्तार को लेकर विगत दिनों जिला बालोद में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कोर्ट के सामने स्थित बौद्ध विहार परिसर में संपन्न हुई, जिसमें भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष बड़े भैया दिनेश आजाद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बुद्ध और बाबा साहब को नमन से कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत तथागत गौतम बुद्ध एवं भारतीय संविधान के शिल्पकार बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर नमन के साथ की गई। इसके पश्चात संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संघर्षों से जन्मा संगठन : प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद ने कहा कि भीम आर्मी संघर्षों की कोख से जन्मा संगठन है। उन्होंने बलौदा बाजार की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के हक और अधिकार की लड़ाई में संगठन के अनेक साथियों ने बलिदान दिया है। उन्होंने विशेष रूप से प्रवीण महिलांगे का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने बलौदा बाजार कांड में समाज के लिए संघर्ष करते हुए नौ महीने जेल में बिताए। ऐसे जांबाज और निडर कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं।
बालोद जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी की घोषणा
प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद ने लगभग 50 सक्रिय कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में बालोद जिला एवं ब्लॉक कमेटी की घोषणा की। नवनियुक्त पदाधिकारी इस प्रकार हैं
जिला अध्यक्ष: प्रवीण महिलांगे
जिला महासचिव: डॉ. प्रशांत कुमार
जिला कोषाध्यक्ष: अश्वनी कुमार देशलहरे
ब्लॉक अध्यक्ष: लोकेश्वर बक्शी
बाबा साहब की विचारधारा को घर-घर पहुंचाने का संकल्प
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष प्रवीण महिलांगे ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जेल की यातनाएं सहकर भी समाज का साथ नहीं छोड़ा। अब वे बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम साहब की विचारधारा को बालोद जिले के हर गांव और हर घर तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
संविधान रक्षा और न्याय की शपथ
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और शोषित-वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने की शपथ ली।
जिला अध्यक्ष की अपील
जिलाध्यक्ष प्रवीण महिलांगे ने जिलेवासियों से अपील की कि यदि कहीं भी किसी प्रकार का अन्याय या अत्याचार होता है, तो उसकी जानकारी संगठन को तत्काल दें। उन्होंने संपर्क के लिए मोबाइल नंबर 7898363733 जारी करते हुए कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए भीम आर्मी सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी।
