बालोद। विश्व हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत की दो दिवसीय प्रांतीय बैठक महासमुंद में आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक विस्तार एवं दायित्वों के पुनर्गठन पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसी क्रम में बालोद जिला मातृशक्ति संगठन की जिला संयोजिका श्रीमती सत्या साहू को राजनांदगांव विभाग की संयोजिका के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई।
श्रीमती सत्या साहू लंबे समय से विश्व हिंदू परिषद एवं मातृशक्ति संगठन से जुड़कर धर्म और समाज की मजबूती के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। उनके नेतृत्व में बालोद जिले में महिला संगठन को मजबूत आधार मिला है और विभिन्न सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों का सफल संचालन हुआ है। उनके समर्पित कार्यों को देखते हुए छत्तीसगढ़ प्रांत संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
नवीन दायित्व के तहत श्रीमती सत्या साहू अब राजनांदगांव, बालोद एवं मोहला–मानपुर जिलों में मातृशक्ति संगठन को सशक्त बनाने, महिला सहभागिता बढ़ाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को विस्तार देने का कार्य करेंगी।
प्रांतीय बैठक में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय पदाधिकारी बसंत रथ, दुर्गावाहिनी की राष्ट्रीय संयोजिका प्रज्ञा माहला, क्षेत्र संगठन मंत्री जितेंद्र पवार, प्रांत अध्यक्ष संतोष गोलछा, संघ के प्रांत कार्यवाह चंद्रशेखर देवांगन एवं प्रांत सह मंत्री नंदूराम साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक के अंतिम दिवस समापन से पूर्व प्रांत मंत्री पूर्णेन्दु सिन्हा ने श्रीमती सत्या साहू की नियुक्ति की घोषणा की, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
श्रीमती सत्या साहू को विभाग संयोजिका की जिम्मेदारी मिलने पर संगठन में हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर जिला विहिप अध्यक्ष बलराम गुप्ता, जिला मंत्री पोषण बनपेला, टूमन साहू, जिला उपाध्यक्ष ममता यदु, अजय अग्रवाल, नीलेश श्रीवास्त, जिला कोषाध्यक्ष राजेश सोनी, जिला सह मंत्री उमेश सेन, मोनू सोनवानी, जिला संपर्क प्रमुख परस साहू, कैलाश साहू, प्रेम शुक्ला, जिला विधि प्रकोष्ठ संयोजक सेवन साहू, संगीता शर्मा, शिवम डडसेना, रविकांत कोसरिया, प्रदीप मिनपाल, बाल संस्कार जिला प्रमुख पूजा जैन, योगिता साहू सहित दुर्गावाहिनी एवं मातृशक्ति संगठन की अनेक पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए खुशी व्यक्त की।
तीनों जिलों के कार्यकर्ताओं एवं संगठन के सदस्यों ने विश्वास जताया कि श्रीमती सत्या साहू के नेतृत्व में मातृशक्ति संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
