धान की फसल लगी तांदुला तट की जमीन खाली करने का नोटिस, किसानों में हड़कंप



बालोद विधायक और जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कलेक्टर से राहत की अपील की

बालोद। तांदुला नदी किनारे धान की फसल उगा रहे किसानों को अचानक जमीन खाली करने का नोटिस मिलने से इलाके में चिंता और हड़कंप मच गया है। इस मामले में बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री चन्द्रेश हिरवानी ने किसानों के समर्थन में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा से दूरसंचार के माध्यम से बात की और राहत की मांग की। विधायक ने बताया कि किसानों ने बीज, खाद और अन्य कृषि कार्यों में पर्याप्त पूंजी खर्च की है। कई स्थानों पर मिट्टी तैयार करने और बुवाई का काम भी जारी है। अचानक नोटिस से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होने की संभावना है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि तांदुला तट पर खेती कर रहे किसानों को उचित राहत दी जाए और उन्हें बिना वजह परेशान न किया जाए। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि श्री कमलेश श्रीवास्तव, वैभव साहू और तांदुला तट पर खेती कर रहे कई किसान भी उपस्थित थे। नेताओं और किसानों की इस पहल से प्रशासन के साथ संवाद स्थापित करने और किसानों की समस्याओं के समाधान की उम्मीद बढ़ी है।

You cannot copy content of this page