बालोद। दूधली में आयोजित राष्ट्रीय जम्बूरी 2026 के अंतर्गत बालोद टेक्नोफेस्ट से चयनित टॉप 60 नवाचारी प्रोजेक्ट्स का भव्य प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर बालोद जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडलों के माध्यम से विज्ञान, तकनीक एवं नवाचार की अद्भुत झलक प्रस्तुत की। जम्बूरी स्थल पर पहुँचकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं आनंद देखने को मिला। इस राष्ट्रीय स्तर के मंच पर अपने प्रोजेक्ट्स को प्रदर्शित करने का अवसर पाकर बच्चों ने खुलकर अपनी खुशी जाहिर की। देश के विभिन्न राज्यों से आए आगंतुकों (विज़िटर्स) ने विद्यार्थियों के मॉडलों को न केवल ध्यानपूर्वक देखा, बल्कि प्रत्येक मॉडल के पीछे की सोच, कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में बच्चों से संवाद भी किया। विभिन्न राज्यों से आए विज़िटर्स ने बालोद जिले के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों को अत्यंत आकर्षक, नवाचारी एवं प्रेरणादायक बताया। कई आगंतुकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, तकनीकी समझ और आत्मविश्वास की भूरी-भूरी प्रशंसा की। प्रदर्शन में शामिल सभी विद्यार्थियों ने इस उपलब्धि के लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों का कहना था कि इस प्रकार का राष्ट्रीय मंच उपलब्ध होने से उन्हें अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाने का अवसर मिला और भविष्य में और बेहतर करने की प्रेरणा प्राप्त हुई। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला सिद्ध हुआ, बल्कि जिले में नवाचार और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ।
राष्ट्रीय जम्बूरी दुधली में बालोद टेक्नोफेस्ट के चयनित टॉप 60 प्रोजेक्ट्स का भव्य प्रदर्शन
