DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जगन्नाथपुर में ग्राम विकास समिति की कमान अब महिलाओं के हाथ, शराब पीकर हुल्लड़ करने वालों से वसूला जाएगा 25000 का अर्थदंड

गांव में मेला 17 जनवरी को, मानस गान 16 को और कबड्डी 18 को , आयोजन में ना हो कोई खलल इसलिए बनाया गया नियम

बालोद । बालोद जिले के ग्राम जगन्नाथपुर में आसामाजिक तत्वों की निगरानी, शराबखोरी और हुल्लड़ बाजी पर नियंत्रण के लिए अब ग्राम विकास समिति की कमान यहां की महिलाएं संभाल रही है। आगामी मेला उत्सव सहित अन्य आयोजन को लेकर शीतला मंदिर परिसर में ग्राम विकास समिति की बैठक रखी गई। जिसमें ग्रामीण अध्यक्ष कोमिन साहू, सचिव सुनीति साहू सहित अन्य पदाधिकारी और पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि मेला उत्सव सहित अन्य आयोजनों में शराब पीकर हुल्लड़ करने वाले और व्यवधान डालने वालों पर ₹25000 का अर्थ दंड ग्रामीण समाज द्वारा लिया जाएगा। दरअसल में गांव में 16 से 18 जनवरी तक विविध आयोजनों का सिलसिला शुरू हो रहा है। जिसके तहत 16 जनवरी को मानस गान सम्मेलन का कार्यक्रम रखा गया है। तो वही 17 जनवरी को ग्राम मेला का आयोजन किया गया है। जिसमें रात्रि कालीन कार्यक्रम के तहत मां की ममता नाच पार्टी चिखली (बांधा बाजार) की प्रस्तुति होगी। इस कार्यक्रम से पूर्व गांव में सम्मान समारोह का विशेष आयोजन भी रखा गया है। तो ही 18 जनवरी को एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता भी हो रही है। इस तरह लगातार तीन दिनों तक विविध आयोजन में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्राम विकास समिति सहित पंचायत प्रतिनिधि सजगता से कार्य करेगी। बता दे कि इस गांव की सरपंच भी महिला है। सरपंच देव कुंवर कोसमा ने भी कहा कि गांव के सुधार में पुरुषों के साथ महिलाओं का योगदान भी जरूरी है। स्वयं महिला होने के नाते पंचायत का नेतृत्व तो मैं करती ही हूं तो वही गांव में किसी भी तरह के आसामाजिक कार्यों पर नियंत्रण लगाने के लिए अब ग्राम विकास समिति में भी महिलाओं ने जिम्मा उठाया है। हम समस्त ग्राम वासियों से अपील करते हैं कि लगातार चलने वाले तीन दिवसीय आयोजन में पूर्ण सहयोग करें। किसी भी तरह से अप्रिय घटना ना हो, ना किसी अप्रिय घटना का कारण बने। किसी भी तरह से शराब पीकर हुल्लड़ बाजी या भगदड़ न मचाए, जिससे किसी अन्य को परेशानी हो । मानसगान, मेला और कबड्डी के दिन सिर्फ अपने गांव ही नहीं बल्कि हमारे कई रिश्तेदार दूसरे गांव से भी आए रहते हैं । ऐसे में गांव की प्रतिष्ठा का प्रश्न भी रहता है। इसलिए शांतिपूर्ण आयोजन कर हमें एक बेहतर उदाहरण प्रस्तुत करना है। ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष कोमिन साहू ने भी कहा कि हुल्लड़ बाजी करने वालों पर ₹25000 का दंड तय किया गया है। सर्व सम्मति से बैठक लेकर यह निर्णय लिया गया है। इस बैठक के दौरान उपाध्यक्ष चित्रांगिनी ठाकुर, सरपंच देव कुंवर कोसमा, ग्राम पटेल अभ्यास साहू, उप सरपंच मनोज सूकतेल सहित समस्त पंच और ग्रामवासी भी मौजूद रहे।

16 को इन मंडलियों की होगी प्रस्तुति

मानस गान सम्मेलन के तहत 16 जनवरी को सुबह 10 बजे से विभिन्न मंडलों की प्रस्तुति का सिलसिला शुरू होगा। जिसके तहत पावन धारा मानस परिवार छूहिया घटारानी, राजीव लोचन मानस परिवार परतेवा, श्री रघुनंदन मानस परिवार टेड़ेसरा और उमाशंकर मानस परिवार डिपरा पारा दुर्ग की प्रस्तुति होगी। सभी मानस परिवार को स्मृति चिन्ह, प्रतीक चिन्ह आदि भेंट की जाएगी। वहीं बाजार चौक के पास भव्य मेला का आयोजन किया जाएगा। जिसकी तैयारी में ग्राम विकास समिति सहित समस्त ग्राम वासी जुटे हुए हैं।

कबड्डी में रखा गया है ₹7000 का प्रथम पुरस्कार

इसी तरह 18 जनवरी रविवार को युवराज, देवेंद्र और नरेंद्र की स्मृति में आयोजित एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 7000, द्वितीय पुरस्कार 5000, तृतीय पुरस्कार 3000, चतुर्थ पुरस्कार 2000 रुपए रखा गया है। प्रत्येक मैच मेट पर खेला जाएगा। यहां भी अपील की गई की खिलाड़ी नशे के हालात में ना खेले, ऐसी स्थिति में उन्हें प्रतियोगिता से बाहर कर दिया जाएगा। बेस्ट कैचर, रेडर,ऑलराउंडर और अनुशासित टीम के लिए भी प्रत्येक स्तर पर इनाम रखा गया है। कबड्डी का आयोजन हर साल इसी तरह जय बजरंग दल और समस्त ग्रामवासी के तत्वाधान में किया जाता है।

You cannot copy content of this page