दीपक देवदास,गुरूर। गुरूर ब्लॉक के पेटेचुआ बड़भूम दमकसा मार्ग पर सड़क निर्माण में हुए जमकर भ्रष्टाचार के मामले में दोषी अधिकारियों पर निलंबन की गाज गिरी है। राज्य के उप मुख्यमंत्री और पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव द्वारा उठाए गए इस कड़े कदम को लेकर भाजपा के जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने उनका आभार जताया है। जिला अध्यक्ष श्री देशमुख ने कहा कि भाजपा के सुशासन में हम किसी भी तरह के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं कर सकते। मीडिया के जरिए मामला हम तक संज्ञान में आया था। जिस पर हमने कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया था। साथ ही मामले को मंत्री अरुण साव से भी अवगत कराया था। इसके बाद उन्होंने इसे गंभीरता से लिया है और तत्काल कार्रवाई की है। ये कार्रवाई अन्य अधिकारियों और ठेकेदारों के लिए भी एक सबक साबित होगा। उप मुख्यमंत्री ने मामले में काफी संवेदनशीलता दिखाई है इसके लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं।
इन लापरवाह अफसरों पर हुई कार्रवाई
लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण के गुणवत्ताहीन एवं अमानक कार्यों के जिम्मेदार अधिकारियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई लगातार जारी है। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने कांकेर के दमकसा से पेटेचुआ मार्ग में गुणवत्ताहीन और अमानक कार्य पाए जाने पर दो अभियंताओं को निलंबित करने के साथ ही कार्यपालन अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
लोक निर्माण विभाग के बस्तर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता द्वारा कांकेर जिले के दमकसा से पेटेचुआ मार्ग में गुणवत्ताहीन कार्य के संबंध में प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर विभाग द्वारा यह कार्रवाई की गई है। विभागीय जांच प्रतिवेदन के अनुसार संपूर्ण डामरीकरण का कार्य अमानक स्तर एवं लंबाई 6.80 कि.मी. में पुनः डामरीकरण कार्य संपादित कराये जाने में लोक निर्माण विभाग के चारामा उप संभाग के अनुविभागीय अधिकारी के.एस. कंवर और उप अभियंता एम.के. खरे ने पर्याप्त सर्वेक्षण नहीं किया। साथ ही लगभग 70 प्रतिशत एम.एस.एस. पूरा उखड़ जाने, डामरीकरण मे बी.एम. की मोटाई भी एक समान नहीं पाये जाने, कोर लेने पर सैंपल टुकड़े-टुकड़े होकर निकलना तथा डामर बिछाते वक्त प्रॉपर कम्पैक्शन नहीं होना पाया गया। डामरीकरण में बिटुमिन कंटेन का भी ध्यान नहीं रखा गया। सड़क निर्माण में गुणवत्ताहीन एवं अमानक स्तर का कार्य कराये जाने पर विभाग ने दोनों अभियंताओं को निलंबित करते हुये उनका मुख्यालय नवा रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय निर्धारित किया है। दोनों को निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
ईई को कारण बताओ नोटिस, 15 दिन में देना होगा जवाब
लोक निर्माण विभाग के कांकेर संभाग के कार्यपालन अभियंता के.के. सरल को इस गुणवत्ताहीन एवं अमानक कार्य पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने दमकसा से पेटेचुआ मार्ग में गुणवत्ताहीन एवं अमानक स्तर के कार्य को कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता एवं कदाचार मानते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें अपना लिखित प्रतिवाद नोटिस प्राप्ति के 15 दिनों की समयावधि में विभाग को प्रस्तुत करने कहा गया है। निर्धारित समयावधि में लिखित प्रतिवाद प्राप्त नहीं होने पर नियमानुसार एकपक्षीय कार्यवाही की जाएगी।
कार्रवाई में बालोद जिले के वरिष्ठ भाजपाईयों का योगदान
उक्त सड़क का निर्माण भले ही कांकेर जिले के अधिकारियों और विभाग के अधीन हुआ था। लेकिन सड़क गुरुर ब्लॉक के वनांचल तक पहुंची है । जिस पर स्थानीय मीडिया ने गंभीरता से खबर प्रकाशित किया और इसके तत्काल बाद भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, जन सेवक राकेश यादव और पूर्व जिला अध्यक्ष पवन साहू ने मामले में कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों सहित संबंधित विभाग को अवगत कराया। स्थानीय जिले से निर्माण न होने के बावजूद इस पर तुरंत कार्रवाई की गई। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर हुई इस कार्रवाई से भाजपा सरकार के प्रति भरोसा बढ़ा है । भाजपा के जिला अध्यक्ष ने स्थानीय मीडिया कर्मियों को भी इसी तरह पत्रकारिता करने और जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए शुभकामनाएं दी।
