DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गोदी और विरोधी मीडिया में बट गई है आज की पत्रकारिता,सिटी प्रेस क्लब के स्थापना दिवस, विचार गोष्ठी व सम्मान समारोह में जताई गई चिंता

बालोद। बुधवार को कुर्मी भवन बालोद में सिटी प्रेस क्लब बालोद का स्थापना दिवस, विचार गोष्ठी और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें लोकतंत्र की रक्षा में मीडिया की भूमिका को लेकर आमंत्रित अतिथियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। जहां प्रमुख रूप से आज बदलती पत्रकारिता के दौर और विश्वसनीयता की चुनौती को लेकर चिंतन किया गया। स्वदेश 24×7 न्यूज चैनल के संपादक अवधेश शर्मा ने कहा कि आज लोकतंत्र में पत्रकारिता का बड़ा महत्व है। उसकी गंभीरता को सभी को समझना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एक पत्रकार जब सुबह घर से निकलता है उसके निकलने का समय निश्चित रहता है पर उसके घर आने का निश्चित समय नहीं होता, पत्रकार शाम को सही सलामत आएगा ये भी तय नहीं रहता। लॉकडाउन, कोरोना काल में भी चुनौती भरी पत्रकारिता देखने को मिली है। कुछ लोग आज पत्रकारों की मान्यता को लेकर सवाल उठाते हैं, उन्होंने कहा कि अगर कोई पोर्टल, यूट्यूब भी चलाता है और वह अच्छा लिखता है, अच्छा वक्ता है जनहित के मुद्दे उठाता है तो वह भी पत्रकार है।

गोदी और विरोधी मीडिया से हटकर ईमानदारी की पत्रकारिता जरूरी है

तीरंदाज के संपादक मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि आज लोकतंत्र को चोट पहुंच रही है। लोकतंत्र खतरे में है। मीडिया की ईमानदार भूमिका होनी चाहिए। सरकार को आईना दिखाते रहना चाहिए, यह हम सबको दायित्व होता है पर आज देखते हैं कि एक गोदी तो दूसरा विरोधी मीडिया की भूमिका निभा रहा है। आम जनता में मीडिया के प्रति भरोसा धीरे-धीरे घटता जा रहा है। अब वह सम्मान नहीं रहा जो करीब 5 से 10 साल पहले हुआ करता था। गोदी मीडिया को हर चीज अच्छी और विरोधी को बुरी नजर आती है। ऐसे में हमें ईमानदार पत्रकारिता को जिंदा रखना होगा। स्थिति यह है कि जो तटस्थ, निष्पक्ष पत्रकारिता करते हैं वे आज आर्थिक परेशानी से गुजर रहे हैं।

प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के बीच अब न्यू मीडिया की भूमिका भी अहम हो चुकी है। हमें ईमानदारी से पत्रकारिता करनी चाहिए। उन्होंने आज की परिस्थितियों पर व्यंग करते हुए कहा कि चरण बंदगी और लोटपोट वाली पत्रकारिता नहीं करनी चाहिए, पर आज यही देखने को मिल रहा है। गुटों में पत्रकारिता होने लगी है। अगर कोई पत्रकारिता का दुरुपयोग कर रहा है तो हमें ऐसे लोगों से दूरी बनाना जरूरी है।मुख्य अतिथि प्रदेश भाजपा मंत्री यशवंत जैन ने भी पत्रकारिता के महत्व को बताया और क्लब को सफल आयोजन की बधाई दी। श्री जैन ने 1980 के दशक में पत्रकार रहे हैं। स्वदेश में निरंतर लिखते रहे हैं। उन्होंने कहा कि सकारात्मक पत्रकारिता जरूरी है। उन्होंने एक शेर, चिरागों को आँखों में महफूज़ रखना ! बड़ी दूर तक रात ही रात होगी….!! मुसाफिर हैं हम भी मुसाफिर हो तुम भी ! किसी न किसी मोड़ पर फिर मुलाकात होगी !! कहते हुए पत्रकारों का हौसला बढ़ाया।

विशेष अतिथि छाया विधायक राकेश यादव ने ब्रिटेन की संसद में लिखी पंक्तियों का जिक्र करते हुए कहा कि हो सकता है मैं आपके विचारों से सहमत ना हो पाऊँ, किन्तु आपके विचार प्रकट करने के अधिकारो की सदैव रक्षा करूंगा। उन्होंने पत्रकारों को तथ्यों की सभी तरह से जांच के उपरांत ही खबर प्रकाशित करने के अपील की। उन्होंने कहा कि खबरों का समाज में काफी गहरा प्रभाव पड़ता है। अगर पत्रकार की खबर से किसी भी गरीब का भला होता है तो लोकतंत्र मजबूत होगा । विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा के जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि आज की पत्रकारिता कई चुनौतियों से भरी है। विश्वनीयता का संकट है। डिजिटल का जमाना है । हम किसी बात को अपने नजरिया से ठीक समझते हैं और जब पत्रकारों से मिलते हैं तो और भी नजरिया खुलकर सामने आता है। आज कुछ पत्रकार विश्वसनीयता पर नहीं, सूचना विश्लेषण की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि कोई गंभीर विषय आता है तो सभी पत्रकार बैठकर तय करें उस पर कार्यशाला करें। मीडिया में आजकल ब्रेकिंग डालने का स्वभाव बहुत खतरनाक साबित हो रहा है। पत्रकारिता में गुणवत्ता होनी चाहिए। बालोद जिले में काम बखूबी हो इसका हम भरोसा करते हैं।

पत्रकारों की भूमिका सकारात्मक होनी चाहिए


समाजसेवी संत बिरेंद्र देशमुख ने कहा कि हमें निष्पक्ष, निष्कलंक पत्रकारिता पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सत्कर्म करने की प्रेरणा देते कहा कि जीवन पानी के बुलबुले जैसे हैं, इसलिए समय रहते अच्छे कर्म कर लीजिए।
झूठी खबरों से बचें

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने भी झूठी खबरों को लेकर कहा कि एक समय धमतरी की एक मीडिया द्वारा हमारे सहकारी बैंक को लेकर गलत खबर जारी कर दी गई थी जबकि ऐसा कुछ हुआ नहीं था। उन्होंने कहा कि मैं गौरव महसूस करता हूं कि अपने कार्य क्षेत्र बालोद, दुर्ग और बेमेतरा में ऐसी खबर आज तक नहीं आई है। कोई स्पष्ट या बिना पुष्टि के कोई खबर नहीं लगाते, सहकारिता को आगे बढ़ाने में मीडिया की अहम भूमिका रही है।

पूर्व में पत्रकार रहे लोगों को किया गया विशेष तौर पर सम्मानित

इस आयोजन के दौरान पूर्व में पत्रकारिता किए लोगों को सम्मानित किया गया। जिसमें प्रमुख रूप से यशवंत जैन, चेमन देशमुख, कुलदीप कत्याल, अरमान अश्क, पुष्पेंद्र तिवारी, प्रमोद दुबे, अजय साहू को सम्मानित किया गया। आभार प्रदर्शन संरक्षक कुलदीप कत्याल ने किया।

अध्यक्ष ने कहा : रचनात्मक कार्यों में अग्रणी रही है सिटी प्रेस क्लब की भूमिका

स्वागत उद्बोधन देते हुए क्लब के अध्यक्ष टीकम पिपरिया ने कहा रचनात्मक कार्यों में क्लब ने अपनी अग्रणी भूमिका निभाई है। शासन की योजनाओं में भी हमने सक्रियता से कार्य किया है। गौरवपूर्ण हमने 1 साल पूरे किए है। एक साल में रचनात्मक कार्यों की कई कड़ियां हमने पूरी की है। स्वच्छ पत्रकारिता की और हम आगे बढ़ रहे हैं।

इनकी रही विशेष उपस्थिति

आयोजन के दौरान पद्मश्री शमशाद बेगम सहित विभिन्न गांव की महिला कमांडो बहने भी मौजूद रहीं। उन्हें भी उनके उत्कृष्ट कार्यो के लिए सिटी प्रेस क्लब की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्लब के संरक्षक गंगाधर सोनबरसा, संरक्षक रवि प्रकाश पाण्डेय, गौतम गुप्ता, क्लब के उपाध्यक्ष मोइन खान, महासचिव प्रकाश उपाध्याय, कोषाध्यक्ष जुनैद कुरैशी, सचिव गुलाब दीवान, सह सचिव हरिवंश देशमुख, मीडिया प्रवक्ता केशव सिन्हा, मीडिया प्रभारी बोधन भट्ट, सह मीडिया प्रभारी तिलक देशमुख, सलाहकार मंडल दीपक यादव, जितेंद्र साहू, नरेश जोशी, नीलेश श्रीवास्तव, उदय साहू सहित बालोद नगर पालिका के पार्षद गण सुनीता मनहर , आशा पटेल, गोकुल ठाकुर, गोमती रात्रे, श्यामा यादव, असीम दीवान, श्वेता राजपूत, ब्रह्मकुमारी विजय लक्ष्मी सहित अन्य उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page