
बालोद- कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी के मागदर्शन में जिला प्रशासन बालोद और शिक्षा विभाग के तत्वाधान में बालोद टेक्नोफेस्ट 2.0 का आयोजन 16 एवं 17 दिसंबर को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ठ अँग्रेजी माध्यम विद्यालय आमापारा बालोद में किया जाएगा। बालोद टेक्नोफेस्ट 2.0 आयोजन का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और तकनीकी कौशल को बढ़ावा देना है। जिससे जिले में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सृजनात्मकता को नया आयाम मिलेगा। उल्लेखीनय है कि बालोद टेक्नोफेस्ट 2.0 के लिए जिले से कुल 1589 आइडियाज प्राप्त हुए है। जिसके अंतर्गत छात्रों के विचारों को तीन समूहों में वगीकृत किया गया। जिसमेें कक्षा 6वीं से 8वीं के 853, कक्षा 9वीं एवं 10वीं के 353 तथा कक्षा 11वीं एवं 12वीं के 383 आइडियाज प्राप्त हुए। तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा सूक्ष्म परीक्षण उपरांत कक्षा 6वीं से 8वीं से 75 मॉडल, 9वीं एवं 10वीं से 100 मॉडल तथा 11वीं एवं 12वीं से 75 मॉडल टेक्नोफेस्ट 2.0 में प्रदर्शन हेतु चयनित किए गए हैं। इस टेक्नोफेस्ट में यूनिसेफ, सीएसआईटी, सीएसवीटीयू, आईआईटी, पीआईजैम फाउंडेशन, तथा आरंभ एजुटेक टेक्निकल पार्टनर के रूप में जुड़े हैं, जो विद्यार्थियों के नवाचारों के चयन, मार्गदर्शन एवं तकनीकी परामर्श में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने आशा व्यक्त की है कि यह टेक्नोफेस्ट विद्यार्थियों में विज्ञान, अनुसंधान एवं तकनीकी सोच विकसित कर उन्हें भविष्य के नवाचारों के लिए प्रेरित करेगा।
जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने Techno Fest 2.0 की तैयारियों को लेकर बैठक ली

जिले में आयोजित होने वाले Techno Fest 2.0 की तैयारियाँ इन दिनों जोर-शोर से जारी हैं। जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी द्वारा कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तकनीकी नवाचार और रचनात्मकता को नए आयाम देना है। जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी रोबोटिक्स, विज्ञान मॉडल, तकनीकी प्रोजेक्ट और इनोवेशन आधारित गतिविधियों पर निरंतर कार्य कर रहे हैं। टेक्नो फेस्ट के तकनीकी पार्टनर — CSIT, CSVTU — विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने हेतु महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रहे हैं। उनके प्रमुख योगदान में -चयनित मॉडलों के लिए विशेष कार्यशाला (वर्कशॉप) आयोजित करना, -मॉडलों को तकनीकी रूप से और बेहतर बनाने हेतु विशेषज्ञ मार्गदर्शन,
योग्य मॉडलों को पेटेंट स्तर तक ले जाने में तकनीकी सहायता, -तकनीकी क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई में CSIT व CSVTU द्वारा शैक्षणिक सहयोग प्रदान करना शामिल है। इन पहलों से विद्यार्थियों को अपने नवाचारों को और उन्नत रूप देने तथा भविष्य में तकनीकी क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त होगा। इस बैठक में Pi- Jam की भी उपस्थिति रही. आयोजन समिति द्वारा लगातार बैठकों के माध्यम से मंच, स्टॉल, प्रदर्शन सामग्री, सुरक्षा एवं व्यवस्थापन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। Techno Fest 2.0 को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साहपूर्ण माहौल है और सभी इसकी सफलता के लिए समर्पित होकर कार्यरत हैं। यह कार्यक्रम जिले में तकनीकी शिक्षा व नवाचार को नई दिशा देने की उम्मीद जगाता है।

