DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

राज्य वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने किया संजीवनी विक्रय केंद्र सुपेला का निरीक्षण

बालोद। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने सुपेला के संजीवनी विक्रय केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संजीवनी विक्रय केंद्र के निरीक्षण के दौरान अधिकारी एवं स्टॉफ से चर्चा की। उन्होंने बताया कि, संजीवनी केंद्रों के संबंध में निरंतर फीडबैक लिया जा रहा है। विक्रय केंद्र की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी है।

हर्बल उत्पादों का किया जाता है विक्रय

सुपेला स्थित संजीवनी व्रिक्रय केंद्र के माध्यम से स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार हर्बल उत्पादों का विक्रय किया जाता है। निरीक्षण के दौरान सीनियर एग्जीक्यूटिव आशीष हरमुख, उपप्रबंधक एमएस डोंगरे, जूनियर एग्जीक्यूटिव बिशेषर साहू, भाजपा नेता विनोद कौशिक, रंजन कुलदीप एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे।

100 से अधिक वेरायटी उपलब्ध

संजीवनी विक्रय केंद्र में कुल 100 से अधिक प्रकार के औषधीय उत्पाद उपलब्ध हैं। गिलोय, काजू, च्यवनप्राश, त्रिफला, सैनिटाइजर, सर्दी खांसी नाशक जैसे हर्बल उत्पादों की बिक्री की जाती है। पैकेट में सामग्री की मात्रा के हिसाब से मूल्य तय किया गया है। वनौषधियां बिक्री के लिए 50 ग्राम शहद, 100 ग्राम सर्वज्वर हर चूर्ण, इमली कैंडी, 100 मिली सैनिटाइजर और 50 ग्राम आंवला लच्छा अलग-अलग पैकेटों में उपलब्ध हैं।

छत्तीसगढ़ हर्बल्स ब्रांड नाम को दिया जा रहा बढ़ावा- यज्ञदत्त

उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि, हर्बल उत्पाद बिक्री के लिए छत्तीसगढ़ हर्बल्स ब्रांड नाम को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा विभिन्न माध्यमों द्वारा इन उत्पादों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। गौरतलब हो कि सुपेला में संजीवनी विक्रय केंद्र संचालित की जा रही है, जहां से वनोपज समितियों द्वारा संग्रहित व प्रसंस्कृत लघु वनोपज को निश्चित दर पर क्रय किया जा रहा है।

ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’

बता दे कि, संजीवनी विक्रय केंद्र वनोपज संघ, वन विभाग द्वारा संचालित एक रिटेल आउटलेट है जो लघु वनोपज से बने हर्बल और आयुर्वेदिक उत्पादों (जैसे ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’) को बेचता है, जिससे वनवासियों को उनकी उपज का सही दाम मिलता है और उपभोक्ताओं को प्राकृतिक उत्पाद उपलब्ध होते हैं। ये केंद्र वनोपज के प्रसंस्करण को बढ़ावा देते हैं और इनकी बिक्री राज्यभर में फैल रही है, जो अब ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध हैं। 

You cannot copy content of this page