छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन का मांगों को लेकर विशेष अभियान… 12 से 18 अक्टूबर तक मंत्रियों, विधायक व अधिकारियों को सौंपेंगे ज्ञापन
बालोद– छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन बालोद द्वारा एसोसिएशन के प्रांतीय आव्हान पर शिक्षक एल बी संवर्ग की विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्टर व डीईओ के माध्यम से मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव, शिक्षा सचिव व संचालक लोक शिक्षण संचालनालय के नाम ज्ञापन सौंपा गया। विदित हो कि शिक्षकों के लंबित मांगों के लिए एसोसिएशन 12 से 18 अक्टूबर तक मंत्रियों, विधायकों व अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर विशेष मुहिम चला रहा है। आज सौंपे गए ज्ञापन में एसोसिएशन ने मांग की कि माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा 1 सितम्बर 2025 को पारित निर्णय जिसमें 5 वर्ष अधिक सेवा वाले शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को अनिवार्य किया गया है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 17 अगस्त 2012 को जारी छत्तीसगढ़ राजपत्र शिक्षक पंचायत संवर्ग भर्ती तथा सेवा की शर्ते नियम 2012 के तहत शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को अनिवार्य किया गया है, इसके पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) अनिवार्य नहीं था, अतः माननीय सुप्रीम कोर्ट में हस्तक्षेप/पुनर्विचार याचिका दायर कर 17 अगस्त 2012 के पूर्व नियुक्त सेवारत शिक्षकों के हितों की रक्षा करने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आवश्यक पहल किया जाये ।साथ ही पेंशन निर्धारण हेतु सेवा अवधि की गणना संविलियन दिनांक 1 जुलाई 2018 से करने के कारण 2028 के पूर्व सेवानिवृत होने वाले एल बी संवर्ग के शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है, अतः पूर्व सेवा (प्रथम नियुक्ति) अवधि की गणना करते हुए समस्त शिक्षक एलबी संवर्ग के लिए पुरानी पेंशन निर्धारित किया जावे। तथा भारत सरकार द्वारा 2 सितंबर 2008 को उत्तरप्रदेश सरकार द्वारा दिनांक 16 सितंबर 2009 को तथा उत्तराखंड सरकार द्वारा 29 अक्टूबर 2010 को आदेश जारी कर 33 वर्ष की अर्हकारी सेवा में पूर्ण पेंशन के स्थान पर 20 वर्ष की अहंकारी सेवा में पूर्ण पेंशन का प्रावधान किया गया है, सेवानिवृत होने पर छत्तीसगढ़ में 33 वर्ष की अहंकारी सेवा में पूर्ण पेंशन का नियम है, अतः निवेदन है कि भारत सरकार, उत्तरप्रदेश एवं उत्तराखंड सरकार के समान 20 वर्ष की अहंकारी सेवा में पूर्ण पेंशन (अंतिम वेतन का 50 प्रतिशत) का प्रावधान किया जावे एवं माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा याचिका क्रमांक WA/261/2024 में डबल बेंच द्वारा पारित निर्णय दिनांक 28/02/2024 के तहत सभी पात्र एल बी संवर्ग के शिक्षकों के लिए क्रमोन्नति/समयमान का जनरल आदेश जारी करने ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन सौंपने वालों में छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन बालोद के जिलाध्यक्ष दिलीप साहू, जिला संयोजक रामकिशोर खरांशु, जिला उपाध्यक्ष शिव शांडिल्य, वीरेंद्र देवांगन, जिला कोषाध्यक्ष पवन कुम्भकार, जिला महामंत्री लेखराम साहू, संगठन सचिव जगत राम साहू, महासचिव रवींद्र नाथ योगी, जिला आई टी सेल प्रभारी शिवेंद्र बहादुर साहू, ब्लॉक अध्यक्ष गुरुर सूरज गोपाल गंगबेर, ब्लॉक अध्यक्ष डौंडी लोहारा अविनाश साहू, संगठन सचिव धीराज सिंह कस्तुरे शामिल थे।
