
बालोद। पीएम स्व निधि योजना के तहत शहरी क्षेत्र में फुटपाथ व छोटी-छोटी जगहों पर दुकान लगाने वाले लोगों को अब बड़ी राहत दी जा रही है। शहरी क्षेत्र में लागू हुए इस योजना का लाभ ग्रामीण क्षेत्र के दुकानदारों को भी मिल रहा है। जो शहर में आकर सामान बेचते हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित करके नगर पालिका प्रशासन बालोद द्वारा वेंडर कार्ड प्रदान किया जा रहा है तो वही योजना के तहत उन्हें ₹10000 तक का ऋण दिया जा रहा है। ताकि इस राशि से लॉक डाउन के दौरान जो आर्थिक स्थिति डगमगाई है वह संभल सके और फिर से आजीविका सुधर सके। नगर पालिका के तहत इसके लिए अलग-अलग टीम का भी गठन किया गया है। जो ग्रामीण क्षेत्र के दुकानदार हैं ,शहर में आते हैं उन्हें उनके गांव में पंचायतों में पहुंचकर शिविर लगाकर वेंडर कार्ड बनाया जा रहा है।

इस काम में आजीविका मिशन से भूमिका श्याम कुंवर, आश्रय स्थल प्रबंधक चित्र रेखा साहू सहित अन्य जुटे हुए हैं। प्रधानमंत्री पथ विक्रेता आत्मनिर्भर योजना अंतर्गत बालोद शहर में सड़क किनारे फल, सब्जी, गुपचुप -चाट आदि का व्यवसाय करने वाले पथ विक्रेताओं को उनके रोलिंग के लिए ₹10000 तक का ऋण बैंकों या माइक्रो फायनेंस कंपनी के माध्यम से देने का प्रावधान है। इच्छुक पथ विक्रेता वेंडर कार्ड, आधार कार्ड, आधार नम्बर से लिंक मोबाइल नंबर, मतदाता परिचय पत्र, बैंक पास बुक, राशन कार्ड आदि के साथ ग्राम पंचायत नेवारीकला या किसी भी चॉइस सेंटर में जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं । अधिक जानकारी के लिए निकटतम चॉइस सेंटर, नगर पालिका परिषद बालोद या आश्रय स्थल बस स्टैंड में संपर्क कर सकते हैं।
