नशे सहित अन्य अपराधों के खिलाफ सजगता के साथ जंग जारी, बालोद पुलिस लगा रही स्कूलों में जागरूकता की क्लास, बच्चों को दिला रहे शपथ 



बालोद| साइबर जागरूकता, नशा मुक्ति अभियान, एवं बच्चों से संबंधित नए कानून/अधिकार के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल आमापारा बालोद के छात्र-छात्राओं बालोद पुलिस द्वारा जागरूक किया गया। एसपी के निर्देशन में सतत जन जागरूकता अभियान जिले में जारी है। जिसमें ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, सोशल मीडिया संबंधित अपराध के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए www.cybercrime.gov.in एवं टोल फ्री नंबर 1930 शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया जा रहा है। नशामुक्ति संस्था कल्याणी सोशल वेलफेयर एंड रिसर्च आर्गेनाईजेशन भिलाई के द्वारा स्कूली बच्चों को नशे से दूर रहने हेतु महत्वपूर्ण जानकारी साझा कर जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी योगेश कुमार पटेल के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में एवं एएसपी मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में व एसडीओपी देवांश सिंह राठौर के पर्यवेक्षण में बालोद पुलिस द्वारा जिले में निरंतर साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं बच्चों से संबंधित अपराध एवं उनके विधिक अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गुरुवार को स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल, आमापारा बालोद में एसडीओपी देवांश सिंह राठौर के उपस्थिति में थाना प्रभारी बालोद शिशुपाल सिन्हा एवं टीम के द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं को तीन महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

साइबर जागरूकता : डिजिटल युग में सुरक्षित रहने की सीख

पहले सत्र में छात्रों को साइबर अपराधों से बचाव हेतु एसडीओपी देवांश सिंह राठौर के द्वारा विद्यार्थियों को बताया गया कि कैसे सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग, अनजान लिंक और ओटीपी शेयरिंग से जुड़े खतरे आज के युवाओं को प्रभावित कर रहे हैं। उन्हें सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मजबूत पासवर्ड, और व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने के टिप्स दिए गए। छात्रों को यह भी जानकारी दी गई कि साइबर अपराध होने की स्थिति में वे 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।

बच्चों से संबंधित अपराध/संरक्षण एवं उनके विधिक अधिकारों की जानकारी:-

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा द्वारा छात्रों को न्यायिक अधिकारों, किशोर न्याय अधिनियम, बाल अधिकार, और निःशुल्क विधिक सहायता जैसी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। उन्हें बताया गया कि कानून सबको समान रूप से अधिकार देता है, और आवश्यकता पड़ने पर कोई भी व्यक्ति कानूनी सहायता प्राप्त कर सकता है।

नशा मुक्ति अभियान के तहत – ‘नशा मुक्त भारत की ओर’:-

नशामुक्ति संस्था कल्याणी सोशल वेलफेयर एंड रिसर्च आर्गेनाईजेशन भिलाई के अजय कल्याणी द्वारा तीसरे सेशन में नशा मुक्ति विषय पर विस्तृत जानकारी साझा की गई, जिसमें छात्रों को यह समझाया गया कि नशा किस प्रकार व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। पारिवारिक जीवन में कलेश उत्पन्न करता है, अपराध एवं सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनता है, विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, सकारात्मक जीवनशैली अपनाने एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। छात्रों से नशे के विरुद्ध संकल्प भी दिलाया गया।

विद्यालय के द्वारा पुलिस प्रशासन की सराहना की गई:-

विद्यालय के प्राचार्य सहित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने बालोद पुलिस की इस पहल की खुले दिल से सराहना की और भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं शिक्षाप्रद कार्यक्रमों के आयोजन की मांग की। छात्रों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ज्ञात हो कि बालोद पुलिस का यह अभियान केवल एक जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक ठोस प्रयास है। एसपी ने बताया कि भविष्य में भी जिले के अन्य विद्यालयों एवं अन्य स्थानों में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि एक नशामुक्त, सुरक्षित और कानून-सचेत समाज का निर्माण हो सके। उक्त जागरूकता कार्यक्रम के  दौरान स्कूल प्राचार्य श्रीमती लीनू तुली एवं शिक्षक गण तथा साइबर सेल एवं थाना बालोद से आरक्षक गुलजारी साहू, मनीष ठाकुर, रविकांत गंधर्व, मोहन कोकिला, आर.चेतन सोनकर समेत स्कूल के छात्र छात्राएं उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page