भाजपा सरकार से की जल्द पहल की मांग, सड़क,शिक्षा और पानी के मुद्दों को लेकर सक्रिय हुई जल एवं स्वच्छता विभाग की सभापति दमयंती सुभाष हरदेल
बालोद। शासन द्वारा सुशासन तिहार के अंतर्गत पंचायत में समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन लेने का सिलसिला चल रहा है। जिसके अंतिम दिन जगन्नाथपुर की क्षेत्र क्रमांक 1 की जनपद सदस्य और जल एवं स्वच्छता विभाग की सभापति दमयंती सुभाष हरदेल ने अपने जनपद क्षेत्र के विभिन्न गांव की मूलभूत समस्याओं को लेकर सक्रियता दिखाई। उन्होंने सभी पंचायत में पहुंचकर उन ग्राम क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दों को लेकर लिखित आवेदन देकर शासन से जल्द पहल की मांग की। इस क्रम में अपने गृह ग्राम जगन्नाथपुर के पंचायत में उन्होंने प्रमुख रूप से महाविद्यालय खुलवाने, जगन्नाथपुर से परसदा, पापरा और दरबारी नवागांव मार्ग के नवीनीकरण के अलावा सांकरा ज हायर सेकेंडरी स्कूल भवन के जिर्णोद्धार की मांग रखी। उनके साथ समाज सेवी सुभाष हरदेल, मीडिया प्रभारी दीपक यादव भी मौजूद रहे।
इन प्रमुख मुद्दों को लेकर दिया आवेदन
जगन्नाथपुर में जनपद सदस्य व जल एवं स्वच्छता विभाग की सभापति दमयंती हरदेल ने आवेदन देते हुए मांग किया है कि जगन्नाथपुर से परसदा, पापरा का मार्ग जल्द से जल्द बनना चाहिए। उन्होंने आवेदन के जरिए कहा कि मेरे गृह ग्राम जगन्नाथपुर से परसदा पापरा मार्ग अति जर्जर हो चुका है। जिससे आवागमन में काफी परेशानी होती है। सड़क भी काफी संकरा हो चुका है। डामर गायब है सिर्फ गिट्टियां नजर आ रही है। यह क्षेत्र की ज्वलंत समस्या है तथा इस पर शीघ्र ध्यान देते हुए उक्त मार्ग का नवीनीकरण और चौड़ीकरण किया जाए । ताकि आम जनता व स्कूली बच्चों को राहत मिले।
जगन्नाथपुर में खुलना चाहिए महाविद्यालय
इसके अलावा उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग से जगन्नाथपुर में महाविद्यालय खोले जाने की मांग प्रमुखता से रखी। जिसमें उन्होंने कहा कि मेरे गृह ग्राम में महाविद्यालय खोलने की जरूरत है। यह ग्राम आसपास के करीब 20 ग्रामों के बीच में स्थित है। 12वीं की पढ़ाई उपरांत विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई हेतु बालोद या अन्य दूरदराज के कॉलेज जाना पड़ता है। जिससे काफी परेशानी होती है। खासकर बेटियों की पढ़ाई 12वीं के बाद रुक सी जाती है। इन सब परिस्थितियों को देखते हुए जगन्नाथपुर में महाविद्यालय कॉलेज खोलने की स्वीकृति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय हेतु हमारे ग्राम में पर्याप्त सरकारी जमीन भी उपलब्ध है। अतः इस पर जल्द से जल्द पहल की अपेक्षा उन्होंने भाजपा सरकार से की है
सांकरा पंचायत के शिविर के जरिए की स्कूल भवन जल्द बनाने की मांग
सांकरा ज पंचायत के शिविर में के जरिए उन्होंने हायर सेकेंडरी स्कूल भवन उन्नयन की मांग की। जनपद सदस्य दमयंती हरदेल ने सांकरा ज हायर सेकेंडरी स्कूल भवन के उन्नयन को लेकर मांग रखी। जिसमें उन्होंने आवेदन के जरिए कहा कि ग्राम सांकरा ज स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल का भवन काफी जर्जर हो चुका है। जहां खतरे को देखते हुए बच्चों को भी नहीं बैठाया जा रहा है। मिडिल स्कूल में बच्चों को दो पाली में पढ़ाया जाता है। जानकारी अनुसार उक्त भवन के लिए पहले से 1 करोड़ 21 लाख रुपए स्वीकृत हो चुका है। लेकिन वित्त विभाग में मामले में स्वीकृत लंबित है । अतः जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान कर स्कूल का नयन भवन बनाने की मांग उन्होंने की है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे को लेकर वे वित्त मंत्रालय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के पास भी जाकर जल्द से जल्द स्कूल भवन बनाने के लिए पुरजोर प्रयास करेंगे।
परसदा में पानी की समस्या हो रही विकराल, पीएचई विभाग के नाम दिया आवेदन
इसी तरह अपने क्षेत्र के ग्राम पंचायत परसदा के शिविर में निरीक्षण के लिए पहुंची जनपद सदस्य ने वहां प्रमुख रूप से सड़क और पेयजल की समस्या को लेकर आवेदन दिया। सड़क को लेकर कहा कि परसदा से क्रमशः पापरा, जगन्नाथपुर, दरबारी नवागांव जाने वाले मार्ग के नवीनीकरण और चौड़ीकरण की जरूरत है। उक्त सभी मार्गों की स्थिति काफी बदहाल हो चुकी है जो चलने लायक नहीं है। जिनका जल्द से जल्द निर्माण होना चाहिए। उन्होंने स्वयं बदहाल सड़क का जायजा लेकर शासन प्रशासन से इसके जल्द निर्माण की मांग की। इसी तरह पेयजल की समस्या को लेकर कहा कि परसदा में पेयजल की समस्या विकराल रूप लेने लगी है। यहां के कई बोर सूख गए हैं। हैंडपंप भी काम नहीं कर रहे हैं। पानी टंकी में भी लीकेज की समस्या है। ग्रामीणों को टैंकर के भरोसे पानी दिया जा रहा है। आने वाली गर्मी के करीब ढाई महीना में स्थिति और ज्यादा खराब हो सकती है। पीएचई विभाग को शिविर के जरिए आवेदन देते हुए पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कर समस्या के जल्द समाधान करने की मांग की।
दरबारी नवागांव में भी आई सड़क और पानी टंकी को लेकर समस्या

इस क्रम में जब जनपद सदस्य दरबारी नवागांव पंचायत पहुंची तो वहां भी मूल रूप से सड़क और पानी की समस्या सामने आई। वहां भी उन्होंने अपनी ओर से पंचायत के शिविर में दरबारी नवागांव से जगन्नाथपुर और परसदा जाने वाले मार्ग के डामरीकरण और चौड़ीकरण की मांग विधिवत आवेदन के जरिए पीडब्ल्यूडी से की। साथ ही उन्होंने गांव में निर्मित पानी टंकी का जायजा मिला। इसके निर्माण में काफी अनियमितता बरती गई है और इसका लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल रहा है। दरबारी नवागांव से जगन्नाथपुर, परसदा और डेंगरापार सड़क डामरीकरण हेतु उन्होंने यहां भी आवेदन दिया है। इस तरह क्षेत्र के शिक्षा, सड़क और पानी की समस्या को लेकर जनपद सदस्य दमयंती हरदेल लगातार विभिन्न गांव में पहुंचकर शिविर का जायजा लेती रही और ग्रामीणों से अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की।
