संयुक्त जिला कार्यालय भवन पहुँचने पर कलेक्टर, एसपी ने पुष्पगुच्छ से किया स्वागत गार्ड आफ आनर की दी गई सलामी
बालोद। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका के संयुक्त जिला कार्यालय भवन पहुँचने पर कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक एसआर भगत ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री डेका को गार्ड आफ आनर की सलामी भी दी गई। इस दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे, वनमण्डलाधिकारी बीएस सरोटे, अपर कलेक्टर चन्द्रकांत कौशिक अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अंतर्गत किया पौधा रोपण
राज्यपाल रमेन डेका ने बालोद प्रवास के दौरान संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में ’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अपनी माताजी स्व. श्रीमती चंपावती डेका के नाम पर मौलश्री का पौधा रोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देकर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील भी की। साथ ही अपने बालोद प्रवास के दौरान संयुक्त जिला कार्यालय के जनदर्शन कक्ष में जिले की विभागीय गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान श्री डेका ने खेल गतिविधियों में जिले का नाम रोशन करने वाले उत्कृष्ट खिलाड़ियों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया। राज्यपाल श्री डेका ने जिले के खिलाड़ियों को उनके इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कठिन परिश्रम एवं लगन के साथ खेल के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल कर जिले, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने को कहा। इस अवसर पर राज्यपाल श्री डेका ने समाज कल्याण विभाग की ओर से टेकापार निवासी दिव्यांग श्री पुसउराम साहू और बोरिद निवासी श्रीमती पूर्णिता आलेन्द्र को इलेक्ट्रिक व्हील चेयर प्रदान की। राज्यपाल श्री डेका ने जिले में संचालित जल जतन योजना के तहत् फलस चक्र परिवर्तन कर धान के बदले दलहनी, तिलहनी फसल लेने वाले सनौद निवासी किसान श्री ध्रुवराम साहू से बातचीत की। किसान ध्रुवराम साहू ने राज्यपाल को जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा आयोजित चौपाल में जब उन्हें धान की खेती करने से होने वाले हानि के बारे में जानकारी मिली, तो उन्होंने अपना मन बदल लिया और इस साल धान के बदले 05 एकड़ में चना और 05 एकड़ में मक्का की फसल ली है, यह उनके लिए लाभप्रद सिद्ध हुआ है। इसके साथ ही स्वसहायता समूह की सक्रिय महिलाएं श्रीमती आशा सागर और ज्योति साहू ने जानकारी दी कि वे सभी महिलाएं गांव-गांव जाकर लोगों को पानी बचाने की समझाइश दे रही हैं। इस दौरान उन्होंने सिद्धी स्व सहायता समूह, जय मां पहाड़ो वाली स्व सहायता समूह, नवदीप स्व सहायता समूह, बैंक सखी श्रीमती मालती साहू सहित अन्य महिलाओं से चर्चा की और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों और इससे होने वाली आमदनी के संबंध में जानकारी ली। इस अवसर पर स्व सहायता समूह की महिलाओं ने राज्यपाल श्री डेका को समूह द्वारा तैयार की गई सामग्री भेंट की।
अंतरजातीय विवाह करने वालों को राज्यपाल ने दिया ढाई लाख का चेक
राज्यपाल श्री डेका ने अंर्तजातिय विवाह करने वाले श्री राजेन्द्र यादव एवं उनकी पत्नी को विभागीय योजना के तहत् 02 लाख 50 हजार रूपये का चेक भी प्रदान किया। इसके अलावा राज्यपाल रमेन डेका ने बालोद जिले के प्रवास के दौरान संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में राज्यपाल द्वारा जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन हेतु चलाए जा रहे जल जतन अभियान अंतर्गत प्रकाशित जल जतन पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इस दौरान उन्होंने जिले में चलाए जा रहे जल जतन अभियान, पौध रोपण एवं पर्यावरण संवर्धन तथा जैविक खेती को प्रोत्साहन देने हेतु किए जा रहे कार्य, स्वच्छ भारत मिशन सहित पुलिस, वन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, यातायात, स्वास्थ्य, शिक्षा, आदिम जाति कल्याण, नगरीय प्रशासन, सहकारिता आदि विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में राज्यपाल श्री डेका ने बालोद जिले में पौध रोपण एवं पर्यावरण संवर्धन हेतु किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को कम से कम एक पौध का रोपण करने को कहा। इस कार्य में उन्होंने सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित कराने को कहा। बैठक में श्री डेका ने जिले में संचालित शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का पड़ताल करने हेतु सभी अधिकारी-कर्मचारियांे को अनिवार्य रूप से फील्ड विजिट कर आम जनता से योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में फीडबैक लेने को कहा। श्री डेका ने जिले में सड़क दुर्घटना की रोकथाम एवं शराब तथा अन्य मादक पदार्थों का अवैध परिवहन एवं बिक्री की रोकथाम हेतु किए जा रहे उपायों की भी समीक्षा की। राज्यपाल ने इस पर चिंता जाहिर करते हुए इसके रोकथाम हेतु पुलिस एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। श्री डेका ने समाज कल्याण विभाग के उप संचालक को नशापान से ग्रसित लोगों को नशा से छुटकारा दिलाने हेतु किए जा रहे सुधारात्मक उपाय तथा जिले में चलाए जा रहे नशापान मुक्ति अभियान के संबंध में भी जानकारी ली। राज्यपाल श्री डेका ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से जिले में टी.बी. उन्मूलन अभियान के कार्यों के संबंध जानकारी ली। इसके अंतर्गत उन्होंने वर्तमान में जिले में टी.बी. के कुल मरीजों की संख्या एवं उनके समुचित इलाज की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। श्री डेका ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को टी.बी. के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के अलावा इसके रोकथाम हेतु मरीजों का कांउसलिंग कराने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने टी.बी. के मरीजों को अनिवार्य रूप से पोषण किट उपलब्ध कराने तथा इस कार्य में सामाजिक संगठनों, उद्योगपतियों,अधिकारी-कर्मचारी आदि की भी भागीदारी सुनिश्चित कराने को कहा। इस दौरान उन्होंने जिले में रेडक्राॅस सोसायटी की गतिविधि की भी समीक्षा की। श्री डेका ने जिले में रेडक्राॅस की सदस्यता बढ़ाने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने को कहा। जिले में चल रहे पौध रोपण अभियान की समीक्षा करते हुए सभी शासकीय संस्थानों, स्कूल, काॅलेज आदि में समुचित मात्रा में पौध रोपण कराने के निर्देश दिए। श्री डेका ने वनमण्डलाधिकारी को अपने साथ-साथ वन विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से जंगलों का निरीक्षण कराने तथा वास्तविक स्थिति का पड़ताल करने को कहा। जल संरक्षण के उपायों की समीक्षा करते हुए जिले में सरफेस वाटर की समुचित उपयोग हेतु किए जा रहे उपायों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अमृत सरोवर के माध्यम से आसपास के भूजल स्तर में वृद्धि हेतु उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न शासकीय संस्थाओं एवं कार्यालयों के अलावा जिले के विभिन्न स्थानों पर रेनवाटर हार्वेस्टिंग का कार्य कराने को कहा। बैठक में श्री डेका ने जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने हेतु किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने तथा अन्य शैक्षणिक क्रियाकलापों के संबंध में जानकारी ली। राज्यपाल श्री डेका ने एनसीसी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए एनसीसी में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित कराने को कहा। इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु किए जा रहे उपायों की भी समीक्षा की। नगरीय निकाय विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए विभिन्न आजीविकामूलक कार्यों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने हेतु किए जा रहे कार्यों की संबंध में जानकारी ली। बैठक में श्री डेका ने असहाय, परित्यक्त एवं वृद्धजनों के सहायता हेतु किए जा रहे कार्य, जनजातीय एवं वनवासी क्षेत्रों में शिक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं का विकास एवं उन्हें मुख्य धाराओं में लाने का उपाय आदि की विस्तृत समीक्षा करते हुए इसके लिए जरूरी उपाय सुनिश्चित कराने को कहा।
