DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जिले में पीएम आवास अंतर्गत नवीन पात्र लाभार्थियो के सर्वेक्षण हेतु चलाया जा रहा आवास पखवाड़ा

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में नाम जुड़वाने
31 मार्च 2025 तक होगा सर्वेक्षण

बालोद।कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखण्डों में 15 मार्च से 30 मार्च तक आवास पखवाड़ा चलाया जा रहा है। जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत नवीन पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनका सर्वेक्षण कार्य आवास प्लस मोबाईल एप्लीकेशन के माध्यम से कराया जा रहा है। योजनान्तर्गत जिले में किसी कारणवश छुटे हुए पात्र परिवारों को स्वयं का पक्का आशियाना प्रदान करने सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा है। यह सर्वेक्षण आवास प्लस 2024 मोबाईल एप्लीकेशन के माध्यम से किया जा रहा है, यह ऐप संभावित पात्र परिवारो का विवरण एकत्रित करता है। जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार ग्राम पचांयत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक और आवास मित्र को प्रगणक नियुक्त किया गया है। किसी भी पात्र परिवार का नाम यदि छूट जाता है तो वह संबंधित ग्राम पंचायत सचिव से संपर्क कर अपना सर्वे करवा सकता है। उन्होंने बताया कि सर्वे पूरी तरह निःशुल्क है तथा इसमें किसी भी प्रकार के शुल्क का कोई प्रावधान नहीं है यदि कोई सर्वेक्षण हेतु शुल्क की मांग करता है तो इसकी तत्काल शिकायत करें। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 31 मार्च 2025 को सर्वेक्षण की अंतिम तिथि निर्धारित है। सीईओ डाॅ. कन्नौजे ने बताया कि पात्र हितग्राही स्वयं भी आवास प्लस एप्लिकेशन डाउनलोड कर सर्वेक्षण कर सकते है।

सीईओ जिला पंचायत ने ली आवास पखवाड़ा की समीक्षा बैठक,सर्वेक्षण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिला पंचायत में जिले के सभी विकासखण्डों में चलाए जा रहे आवास पखवाड़ा की समीक्षा बैठक ली। बैठक में सीईओ डाॅ. कन्नौजे ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को आवास प्लस सर्वे 2024 के सर्वेक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही शासन के मंशानुसार 30 मार्च 2025 को वृहद स्तर पर गृह प्रवेश उत्सव आयोजित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए। बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 के समस्त निर्माणाधीन आवासों का स्तरवार एवं ग्राम पंचायतवार एक विशेष कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समयावधि में 90 मानव दिवस की राशि प्रदान करने उपरांत उक्त आवासों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रथम किश्त अंतरण पश्चात अप्रारंभ 1152 आवासों के लाभार्थियो से समन्वय स्थापित कर यथाशीघ्र आवास निर्माण प्रारंभ कर निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने हेतु संबंधितो को निर्देश दिए। योजनान्तर्गत वित्तीय 2024-25 के द्वितीय फेस में आबंटित अतिरिक्त लक्ष्य 8952 के विरूद्ध में यथाशीघ्र आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर 30 मार्च 2025 तक स्वीकृति एवं प्रथम किश्त की राशि प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में उप संचालक पंचायत श्री आकाश सोनी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page