शांति समिति की बैठक में थाना प्रभारी ने कहा: हम नहीं दे सकते डीजे की अनुमति, अपने रिस्क में बजाईए ,कोई शिकायत आती है तो करेंगे जब्ती



बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने की सर्व समाज को एक जुटता बनाने की अपील

बालोद। बालोद यातायात पुलिस कार्यालय के सामने मंगलवार की शाम को शांति समिति की बैठक रखी गई। जो कि आगामी होली के पर्व और चल रहे रमजान के महीने को लेकर केंद्रित था। इस बैठक में प्रमुख रूप से थाना प्रभारी रविशंकर पांडेय, एसडीएम सुरेश साहू, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित यातायात प्रभारी राकेश ठाकुर और नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान मौजूद विभिन्न वर्ग के लोगों से उनकी राय भी जानने की कोशिश की गई। जिसमें खास तौर से डीजे को लेकर मुद्दा उठा। गणेश विसर्जन के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। इस पर थाना प्रभारी रविशंकर पांडेय ने स्पष्ट कहा कि हम किसी तरह से डीजे की अनुमति नहीं दे सकते । सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट निर्देश है। ना हम दे सकते हैं ना एसडीएम सर। इसलिए अगर आप डीजे बजवा रहे हैं तो निर्धारित ध्वनि के अंतर्गत बजाए । अगर किसी भी तरह से कोई शिकायत आती है तो हम तत्काल जब्ती करेंगे। अपने रिस्क पर आप बजवा सकते हैं पर अपनी ओर से हम कोई अनुमति नहीं दे सकते। उन्होंने मुस्लिम समाज के सदर शाहिद खान से भी उनकी राय जानी।

उन्होंने कहा कि रमजान के दौरान होली के दिन हमारा दोपहर 12.30 से 2 बजे के बीच जुम्मा का नमाज का वक्त है। इस दौरान हमें कम से कम प्रशासन और आम जनता की सहयोग की जरूरत है । जिस पर सभी ने हामी भरी और कहा कि बालोद हमेशा एक जुटता का प्रतीक रहा है। यहां आज तक हिंदू मुस्लिम को लेकर किसी तरह की कोई विवाद की स्थिति पैदा नहीं हुई है। सबने हमेशा सभी का सम्मान किया हैं । मिलजुल कर त्यौहार का आनंद लिया है। शाहिद खान ने भी इस पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि बालोद वासियों ने हमें आज तक कोई शिकायत का मौका नहीं दिया है। वहीं कुछ पार्षदों सहित विभिन्न वार्ड के नागरिकों ने डीजे को लेकर मुद्दा उठाया कि होली में डीजे बजाने की अनुमति दी जाए। पर प्रशासन ने सीधे तौर पर हाथ खड़े करते हुए कहा कि यह हमारे हाथ में नहीं है। हम अनुमति नहीं दे सकते । आप अपने रिस्क में बजाइए। पर किसी तरह से किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। क्योंकि बोर्ड परीक्षा का सीजन चल रहा है। इसलिए कम आवाज में डीजे बजाए तो ही ज्यादा अच्छा है।

इन पार्षदों ने रखी शराब, स्पीड, ट्रैफिक और पुलिस कर्मचारियों सहित कैमरा व्यवस्था सुधारने की मांग

इस बैठक के दौरान शांति समिति के मुद्दों के अलावा शहर की अन्य ज्वलंत मुद्दों को लेकर भी चर्चा हुई। नवनिर्वाचित पार्षद बंटी शर्मा ने आरोप लगाया कि बस स्टैंड के आसपास अवैध रूप से शराब बेचा जा रहा है। कुछ लोग हैं जो लंबे समय से शराब बेच रहे हैं। लेकिन उनके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं होती है । इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए । लोग हम पर आरोप लगाते हैं कि पार्षद शराब बिकवा रहे हैं। पुलिस प्रशासन इस पर सख्त हो। तो वही बस स्टैंड में पुलिस कर्मचारियों की तैनाती होनी चाहिए। क्योंकि शाम होते ही वह आसामाजिक तत्वों का अड्डा बनता है। इसी तरह वार्ड 12 के पार्षद सुमित शर्मा ने दल्ली राजहरा से बालोद झलमला की ओर तेज रफ्तार से दौड़ने वाली भारी वाहनों को लेकर सवाल उठाया कि लगातार पुलिस की कार्रवाई के बावजूद यातायात के नियमों का उल्लंघन हो रहा है। रफ्तार इतनी होती है कि किसी की जान कभी भी जा सकती है। एसपी, कलेक्टर निवास और थाने के सामने से ही उक्त बड़ी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं। पर मजाल है कि कोई उन पर कोई बड़ी कार्यवाही करें। इसी तरह विमल साहू और अन्य लोगों ने भी आरोप लगाया कि बुधवारी बाजार के आसपास भी अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। इससे वार्ड का माहौल खराब हो रहा है । इस पर तत्काल एक्शन लिया जाना चाहिए। इस बात पर नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने भी स्वीकारते हुए कहा कि छोटे-छोटे बच्चे भी शराब के आदी हो रहे हैं। इस पर तत्काल कार्रवाई हो यह ठीक नहीं है। इन सभी परिस्थितियों पर जवाब देते हुए थाना प्रभारी रविशंकर पांडेय ने कहा कि बस स्टैंड बालोद में पुलिस सहायता केंद्र खोलने को लेकर शासन से अनुमति प्राप्त हो गई है। जल्द ही इसकी व्यवस्था हो जाएगी और जहां भी अवैध शराब बेचने की शिकायत प्राप्त होती है हमें तत्काल खबर करें। हम जरूर कार्रवाई करेंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि ऐसे आसामाजिक तत्वों को पकड़ने में वे योगदान दे। कई बार स्थिति यह होती है कि लोग सूचना देते हैं लेकिन हमारे पहुंचने तक आरोपी फरार हो जाते हैं। इसलिए उन्होंने अपील किया कि खासकर जनप्रतिनिधि इन आसामाजिक तत्व पर नजर रखें और उन्हें पकड़वाने में पुलिस प्रशासन की मदद करें। हम कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर अवैध शराब बेचने वालों को सलाखों के पीछे पहुंचाएंगे । तो वही तेज रफ्तार से दौड़ती गाड़ियों को लेकर कहा कि इस पर शासन प्रशासन को विभिन्न प्रस्ताव भेजे गए हैं। स्पीड गन सहित अन्य सुविधा बालोद में मिलने की उम्मीद है। जिससे यह सब व्यवस्था सुधरेगी। विभिन्न जनप्रतिनिधि और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन द्वारा लगाए गए चौक चौराहा के कैमरे खराब होने का मुद्दा भी उठाया। जिस पर पुलिस प्रशासन ने भी स्वीकार किया कि कुछ जगह कैमरे खराब है। उनके मेंटेनेंस कर जल्द से जल्द उन्हें चालू करवाने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने सभी को शांतिपूर्ण ढंग से होली मनाने और मुसलमान भाइयों को भी उनके रमजान में पूरा सहयोग करने की अपील की।

मुखौटा लगाकर होली खेलने पर पाबंदी

थाना प्रभारी रवि शंकर पांडेय ने सभी जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट किया कि अपने वार्ड वासियों , खास तौर से शरारती युवाओं को स्पष्ट बोल दो कि मुखौटा लगाकर होली नहीं खेलना है। कई बड़े शहरों में यह वारदात देखने को मिलती है कि होली के दिन मुखौटा लगाकर लोग लूटपाट, छीना झपटी या छेड़खानी, हत्या या और भी कई तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं और उनकी पहचान नहीं हो पाती। इसलिए मुखौटा लगाकर होली खेलने पर पाबंदी लगाई गई है। हम तो लोगों को चेहरे पर गमछा बांधने पर भी मना करते हैं। इस पर सभी जनप्रतिनिधियों को अपील किया गया कि अपने वार्ड में इस बात का विशेष प्रचार प्रसार करें कि होली शांतिपूर्ण और उत्साह से मनाए और किसी तरह से मुखौटा लगाकर होली ना खेलें। बच्चों को भले इस बात की छूट है लेकिन युवा और बड़े वर्ग मुखौटा ना पहने ।

थाना प्रभारी ने कहा: आप करिए शिकायत, जरूर होगी कार्रवाई

विभिन्न मुद्दों को लेकर जब अलग-अलग वर्ग के लोग द्वारा शांति समिति की बैठक में अपनी बात रखी जा रही थी तो थाना प्रभारी ने एक लाइन में कहा कि आप हमें शिकायत जरूर करें। हम कार्रवाई जरूर करेंगे। आप एक बार फोन तो करिए कार्यवाही नहीं करेंगे तो कहिएगा। डीजे को लेकर अगर कहीं से कोई शिकायत आती है तो हम बिल्कुल भी नरमी नहीं बरतेंगे, सख्ती के साथ डीजे संचालकों पर कार्रवाई होगी। हम तो कोई अनुमति नहीं दे सकते। अब मैं कहीं से भी कोई शिकायत आती तो मैं किसी भी जनप्रतिनिधि की नहीं सुनूंगा। सीधी कार्रवाई करूंगा। शांति समिति का सोशल मीडिया ग्रुप बना है, उसी में मैं सूचना डाल दूंगा कि अमुक व्यक्ति की शिकायत आई है और अगर आधे घंटे के भीतर डीजे बंद नहीं किया गया तो हम जब्ती करने के लिए आ जाएंगे। इस पर डीजे संचालकों और संबंधित लोगों की स्वयं की जवाबदारी होगी। कुछ बच्चों और पालकों द्वारा भी शिकायत आती है कि हमें नगाड़ा बजने से भी शोर के कारण पढ़ाई में डिस्टर्ब होती है। इस पर भी विशेष एहतियात बरतने की अपील भी उन्होंने समस्त नागरिक और जनप्रतिनिधियों से की है। इस दौरान प्रमुख रूप से भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित चोपड़ा, अटल दुबे, धीरज उपाध्याय, संतोष चौधरी, अजय यादव, नरेंद्र सोनवानी, संतोष कौशिक सहित अन्य प्रमुख मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page