गुरुर जनपद अध्यक्ष बनी सुनीता संजय साहू ने भाजपा के निष्कासन को बताया अनुचित, कहा:त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होता है गैरदलीय, हमने नहीं की कोई बगावत….



बालोद/ गुरूर। हाल ही में गुरूर जनपद पंचायत में अध्यक्ष बनी सुनीता संजय साहू को सोमवार को शपथ ग्रहण करने से एक दिन पहले देर रात तक निष्कासित कर दिया गया। भाजपा समर्थित होकर उन्होंने जनपद सदस्य का चुनाव जीता था। हालांकि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव गैर दलीय होता है। इसमें पार्टी का चुनाव चिन्ह किसी को मिलता नहीं है। अंदरूनी या अप्रत्यक्ष तौर पर पार्टियां भले ही किसी एक को अपना समर्थन देती है। लेकिन जब अध्यक्ष चुनाव की बारी आई तो भाजपा द्वारा सुभद्रा ईशा प्रकाश साहू को अपना प्रत्याशी बनाया गया था। लेकिन अन्य सदस्यों द्वारा इस पर आपत्ति करते हुए सुनीता संजय साहू निवासी भर्रीगांव (आनंदपुर) को अधिकतर सदस्यों ने अपनी ओर से अपना समर्थन देते हुए प्रत्याशी बनाकर उतारा और उन्होंने जनपद अध्यक्ष का चुनाव जीत भी लिया। चूंकि भाजपा ने जिसे अपना प्रत्याशी तय किया था उन्हें हारना पड़ा। इसके बाद नाखुश कुछ भाजपा नेताओं द्वारा सुनीता संजय साहू पर बगावत का आरोप लगाकर उन्हें पार्टी से निष्कासित करवा दिया है। इस पर सुनीता संजय साहू ने शपथ ग्रहण के उपरांत मीडिया से कहा कि पंचायत चुनाव तो गैरदलीय होता है। इसमें कोई बीजेपी कांग्रेस नहीं होता। मुझे अधिकतर जनपद सदस्यों ने समर्थन दिया और सभी के समर्थन से मैं अध्यक्ष बनने में सफल रही। रही बात व्यक्तिगत राजनीतिक विचारधारा की तो र मैं भाजपा पर ही भरोसा करती हूं। भाजपा के कुछ लोगों ने द्वेष से मुझे निष्कासित किया है। यह विचारनीय है। इस पर मैं भाजपा के वरिष्ठ लोगों से अपील करूंगी। मैं भाजपा से जुड़कर ही रहना चाहती हूं । उन्होंने शपथ ग्रहण के दौरान भी इस बात पर जोर दिया कि विष्णु देव साय सरकार की प्रत्येक योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा कर गांव का विकास करना उनका मूल उद्देश्य है।

उन्होंने निष्कासन को अनुचित बताते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भी खलल डालने का प्रयास किया गया जबकि अधिकतर जनपद सदस्य हमारे साथ है और उन्हीं के कारण में अध्यक्ष बनने में भी कामयाब हुई हूं। जनपद पंचायत चुनाव गैर दलीय होता है तो बगावत का सवाल ही नहीं उठता। हम इस निष्कासन को रद्द करने की अपील करेंगे ।

तीन लोगों के इशारे पर संगठन चलने का पत्र होता रहा सोशल मीडिया में वायरल

तो वही बीती रात को सुनीता संजय साहू को भाजपा से निष्कासित करने पर एक अपील पत्र गुरूर ब्लॉक के विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुप में वायरल होता रहा जिसे स्वयं खेदु राम साहू नाम के वरिष्ठ भाजपा नेता द्वारा विभिन्न ग्रुपों में शेयर किया जा रहा था।

खेदुराम साहू इस अपील पोस्ट के जरिए जनता तक यह बात पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे कि भारतीय जनता पार्टी मंडल गुरुर केवल तीन लोगों के इशारे पर चल रहा है। उन्हीं तीन लोगों का यह पार्टी होकर रह गया है। इस अपील पत्र में जिक्र किया गया है कि जब उक्त तीन लोग चुनाव लड़ते हैं तो पार्टी की अनुशासनहीनता नहीं होती और जब कोई दूसरे व्यक्ति चुनाव लड़ता है तो वह अनुशासन हीनता के दायरे में आ जाता है। उक्त वायरल पत्र में उनका ही उदाहरण देते हुए लिखा गया है कि वर्ष 2015 में जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 21 भाजपा अधिकृत प्रत्याशी खेदुराम साहू था। इसके विरोध भी सुभद्रा इशा प्रकाश साहू ने निर्दलीय चुनाव लड़ी थी। इसी प्रकार प्रीतम साहू जनपद अध्यक्ष का चुनाव लड़ रहे थे तब नंद किशोर शर्मा भी बागी होकर चुनाव लड़े थे तब पार्टी अनुशासनहीनता भंग नहीं हुई थी। आज जब सुनीता संजय साहू चुनाव लड़ी है तब पार्टी की अनुशासनहीनता की कार्रवाई हो रही है। इससे सिद्ध होता है कि भाजपा मंडल गुरुर केवल इशा प्रकाश साहू, नंदकिशोर शर्मा और कौशल साहू का होकर रह गया है।

जनपद पंचायत गुरुर में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित सदस्यों का हुआ शपथ ग्रहण समारोह, सभी ने कहा मिलजुल कर करेंगे क्षेत्र का विकास

शासन की योजनाओं को पहुंचाएंगे जन-जन तक, सदस्यों ने की जनपद के अधिकारी, कर्मचारियों से सहयोग और सम्मान की अपील

इधर गुरुर जनपद पंचायत कार्यालय में सोमवार को नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित सभी सदस्यों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम रखा गया था। इस दौरान अध्यक्ष सुनीता संजय साहू सहित अन्य प्रमुख सदस्यों व उपाध्यक्ष दुर्गानंद साहू ने मिलजुलकर कार्य करने की अपील की।

अध्यक्ष सुनीता संजय साहू ने कहा कि हम सब एक परिवार की तरह काम करेंगे। हम सब आज गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। अपने-अपने क्षेत्र से चुनाव जीत कर आए हैं। क्षेत्र वासियों को विश्वास दिलाए हैं कि हम अपने क्षेत्र का विकास करेंगे। जनता हम पर जो आशा विश्वास रखी उस पर हम सभी मिलकर काम करेंगे। अपने-अपने क्षेत्र का विकास करेंगे। शासन की योजनाओं का लाभ हम दिलाएंगे। जनता को जो सुविधाएं मिलनी चाहिए, जो भी समस्याएं हैं उनके निराकरण को लेकर हम सब मिलकर काम करेंगे। उन्होंने शपथ ग्रहण के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि विष्णु देव साय सरकार के नेतृत्व में अब ग्रामीण क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। भाजपा सरकार की प्रत्येक योजना का जन-जन तक लाभ पहुंचाने, मोदी की गारंटी पर लोगों का भरोसा बनाए रखने को लेकर काम करेंगे। विष्णु देव के सुशासन और विकास रथ को गांव गांव तक पहुंचाएंगे । अंतिम व्यक्ति को मुख्य धारा से जोड़ने, प्रत्येक गांव की मूलभूत समस्या को दूर करने और जनता को किसी भी तरह से सरकार की योजनाओं से वंचित न होना पड़े इस बात का विशेष ध्यान रखते हुए, पात्र लोगों को संबंधित योजनाओं का लाभ देने के लिए तत्परता से काम करेंगे।

जनपद के अफसर और कर्मचारियों से करता हूं जनप्रतिनिधियों की सम्मान की अपील

जनपद उपाध्यक्ष के रूप में शपथ ग्रहण करने वाले भाजपा नेता दुर्गानंद साहू ने कहा कि मैं सभी जनपद सदस्यों को धन्यवाद व्यापित करते हैं जिन्होंने उपाध्यक्ष बनने का मौका दिया। उन्होंने कहा कि जनपद में सभी सम्मानित सदस्यों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था हो। उन्होंने सभी जनपद सदस्यों, जनपद सीईओ और सभी अधिकारी कर्मचारी और भाजपा के सभी नेता कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद व्यापित किया। साथ ही उन्होंने जनपद के अधिकारी कर्मचारियों से जनप्रतिनिधियों के प्रति सम्मान बनाए रखने की अपील भी की।

जनता और सरकार के बीच जनपद सदस्य होते हैं कड़ी

जनपद सदस्य नरेश साहू ने कहा कि हमारे जनपद क्षेत्र में जो भी सरकार की मूलभूत सुविधा है उन्हें आम जनता तक पहुंचाने के लिए हम प्रयास करेंगे। हम एक कड़ी हैं। जनता और सरकार के बीच हम मिलकर काम करेंगे। हम इस कड़ी के रूप में खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने जनपद पंचायत के अधिकारी कर्मचारियों से अपील किया कि सभी सदस्यों का मान सम्मान करते हुए अपने-अपने क्षेत्र के विकास में योगदान देने में मदद करें। जनपद सदस्य तेजराम साहू ने कहा कि सभी मिलजुलकर कर जनपद क्षेत्र का विकास करेंगे। विकास से जनता को लाभान्वित करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं पूर्व में जिला पंचायत अध्यक्ष रहा हूं। हम जो अपेक्षाएं रखते हैं वह कई बार पूरी नहीं हो पाती है। कई बार हम उसमें असफल होते हैं। उसी को ध्यान रखते हुए हमारे जो सीईओ, जितने भी अधिकारी कर्मचारी जनपद के है वह सभी सहयोग करेंगे तो सब संभव होगा और सब मिलकर गांव का विकास करेंगे।

इस दौरान गुरुर भाजपा मंडल अध्यक्ष कौशल साहू, ईशा प्रकाश साहू ,नंदकिशोर शर्मा सहित अन्य भाजपाई भी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page