बालोद जिले के नगरीय निकायों में 73.54% हुआ मतदान, बालोद शहर में पुरुषों से ज्यादा महिलाओं ने किया मतदान



बालोद। नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत 11 फरवरी को जिले के सभी 08 नगरीय निकायों में सफलतापूर्वक मतदान संपन्न हुआ। जिसमें नगरीय निकायों के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभाई। जिससे जिले के नगरीय निकायों में 73.54 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित हुआ। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चन्द्रकांत कौशिक ने बताया कि जिले के 08 नगरीय निकायों में कुल 73.54 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिसमें नगर पालिका परिषद बालोद में 75.14 प्रतिशत, नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा में 65.96 प्रतिशत, नगर पंचायत गुरूर में 86.88 प्रतिशत, नगर पंचायत गुण्डरदेही में 84.48 प्रतिशत, नगर पंचायत डौण्डीलोहारा में 82.54 प्रतिशत, नगर पंचायत डौण्डी में 81.93 प्रतिशत, नगर पंचायत चिखलाकसा में 74.22 प्रतिशत एवं नगर पंचायत अर्जुंदा में 77.83 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसी क्रम में बालोद नगर में सुबह से ही मतदाताओं की कतार लगी रही । मतदान केंद्र 16 में नगर की मतदाता शिक्षा विभाग की रजनी वैष्णव, प्रभा साहू, सुनीता साहू आदि ने मतदान किया और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया। महिलाओं में इस बार शहर सरकार चुनने के लिए काफी उत्साह दिखाया। इसके पीछे खास वजह नगर पालिका अध्यक्ष का पद महिलाओं के लिए आरक्षित होना भी था। ।महिलाएं ही चुनाव मैदान में उतरी हैं इसलिए महिला मतदाताओं में मतदान को लेकर इस बार विशेष जागरूकता देखने को मिली।

बालोद में महिला मतदाताओं ने किया ज्यादा मतदान

बालोद नगर पालिका में कुल 15679 लोगों ने मतदान किया जबकि कुल मतदाता की संख्या 20865 है। जिसमें 9882 पुरुष और 10983 महिलाएं मतदाता हैं। इस बार कुल 75.14% मतदान हुआ। महिला पुरुष के आंकड़ों पर नजर डालें तो पुरुषों से ज्यादा महिलाओं ने बालोद में मतदान किया है। जहां 7588 पुरुषों ने मतदान किया तो उनसे ज्यादा 8091 महिलाओं ने वोट डाले हैं। हालांकि प्रतिशत में पुरुष (76.79%) ज्यादा और महिलाओं का प्रतिशत (73.67 %) कम है।

You cannot copy content of this page