DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

नए साल के जश्न में डूबा रहा बालोद जिला: गुलजार रहा बालोद का तांदुला रिसोर्ट, बड़े शहरों की तर्ज पर हुआ यहां आयोजन, पहुंचे थे राज्य भर से लोग

गंगा मैया मंदिर झलमला व सियादेवी भी दर्शन करने पहुंचे लोग

बालोद। नए वर्ष के पहले दिन बालोद स्थित तांदुला रिसोर्ट गुलजार रहा। नव वर्ष का पहला दिन मनाने गंगा मैया मंदिर झलमला में भी काफी संख्या में लोग पहुंचे। वहीं सिया देवी पहुंचकर श्रद्धालुओं व पर्यटकों ने नववर्ष का स्वागत किया। 31 दिसंबर की रात्रि में भी तांदुला रिसोर्ट में मनोरंजन कार्यक्रम हुआ। जिसमें काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। बड़े शहरों की तर्ज पर पहली बार यहां आयोजन हुआ। जिसमें राज्य भर से लोग पहुंचे थे। रात तक लोगों ने डीजे की धुन पर नए साल के जश्न में डांस किया ।वही रिसॉर्ट और पूरे आसपास इलाके को खूबसूरत लाइटिंग के साथ सजाया गया था। जो आकर्षण का केंद्र रहा।

रात के 12 बजते ही लोगों ने उत्साह पूर्वक आतिशबाजी के साथ बीते साल की विदाई दी और नए साल का स्वागत किया। नए साल का स्वागत करने नववर्ष के पहले दिन हमेशा की तरह इस बार भी बालोद जिले में काफी संख्या में पर्यटक पहुंचे। दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, धमतरी सहित दूर-दूर से लोगों ने यहां पहुंचकर आनंद लिया व नववर्ष का स्वागत किया। बालोद जिले में गंगा मैया मंदिर झलमला, सिया देवी मंदिर व बालोद के तांदुला डैम में बने तांदुला रिसोर्ट में काफी लोग पहुंचे। मंदिर में जहां पूजा अर्चना की वही तांदुला रिसोर्ट में बोटिंग और वाटर पार्क का आनंद लिया। गार्डन में बैठकर लोगों ने परिवार सहित नव वर्ष का आनंद उठाया।

रंगीन आतिशबाजी से रंग गया तांदुला रिसोर्ट

31 दिसंबर को रात्रि में तांदुला रिसोर्ट में एक वृहद आयोजन किया गया। यहां रात के 12 बजते ही रंगीन आतिशबाजी के साथ लोगों ने नववर्ष का स्वागत किया। वहीं बीते वर्ष को विदाई दी। यहां पर रात्रि 8 बजे से ही मंच पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम चलता रहा। मंच के सामने लोगों ने डांस कर कार्यक्रम का आनंद लिया। इस अवसर पर विशेष रूप से यहां पहुंचे चौहान ग्रुप ऑफ भिलाई के प्रमुख अजय चौहान ने लोगों को नए वर्ष की बधाई दी। वे लोगों के बीच स्वयं पहुंचकर बधाई देते हुए नजर आए। जैसे ही 12 बजा पूरा आसमान रंगीन आतिशबाजी से रंग गया। लगभग 10 मिनट तक लगातार आतिशबाजी होती रही। तांदुला रिसोर्ट के मैनेजर शमशेर बहादुर कांचा ने भी लोगों के पास पहुंचकर बधाई दी। यहां पहुंचे हजारों लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर नववर्ष की बधाई दी।

You cannot copy content of this page