DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने ग्राम पंचायत कुरदी में बनेगा बालोद जिले का पहला महतारी सदन

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा महतारी सदन की सौगात मिलने पर ग्राम कुरदी के ग्रामीणों ने जताया आभार

बालोद। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा आपसी समरसता स्थापित करने तथा महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से ग्राम पंचायतों में महतारी सदन का निर्माण कराया जा रहा है। बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कुरदी में जिले का पहला महतारी सदन बनाया जाएगा। जिसकी सौगात मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने विगत दिनों बालोद जिले के राजाराव पठार में आयोजित कार्यक्रम में दी है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में बनने जा रहे महतारी सदन से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को रोजगार दिलाने और उनको कामकाज के लिए स्थान उपलब्ध कराने के लिए ग्राम पंचायतों में महतारी सदन का निर्माण किया जा रहा है। बालोद जिले के ग्राम कुरदी की श्रीमती पोमीर साहू ने बताया कि उन्हें बेहद ही खुशी हो रही है कि उनके गांव में महतारी सदन का निर्माण किया जा रहा है। पहले हम महिलाओं को चर्चा, बैठक आदि के लिए यहाँ-वहाँ बैठना पड़ता था। उपयुक्त स्थान नही होने की वजह से हमें काफी समस्याएं भी आती थी। लेकिन हमारी इस समस्या को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सोंचा, समझा और उसका हल निकालते हुए महतारी सदन की सौगात हम महिलाओं को दी है। इसके लिए हम सभी महिलाएं उनका हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करती है। गांव की बुजुर्ग महिला श्रीमती उषा किरण योगी ने बताया कि हम गांव की महिलाओं को आजीविका संबंधी कार्यों एवं कई प्रकार के बैठकों के लिए अन्य भवन या किसी के घर जाना पड़ता था। बैठक एवं गतिविधियों के लिए कोई निश्चित स्थान नही था। लेकिन अब महतारी सदन बनने से गांव की सभी महिलाओं के लिए एक अच्छा भवन मिल पाएगा। जहाँ हम महिलाएं आजीविका संबंधी गतिविधियां और बैठक आदि कर सकती हैं। महतारी सदन की सौगात हम महिलाओं को देने के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को हृदय से धन्यवाद। ग्राम पंचायत कुरदी के सरपंच श्री संजय साहू ने अत्यंत ही हर्ष के साथ बताया की बालोद जिले का पहला महतारी सदन उनके ग्राम पंचायत कुरदी में बनने जा रहा है। यह सौगात ग्राम कुरदी की महिलाओं के लिए सौभाग्य की बात है। श्री संजय साहू ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह आर्थिक संबल भी मिल रहा है। अब उन्होंने महतारी सदन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को उनके सशक्तिकरण हेतु बड़ी सौगात दी है।

You cannot copy content of this page