DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कांग्रेस ने शुरू किया धान खरीदी केंद्र चलो अभियान: विधायकों ने पाया कई सोसाइटी में अधिक तौलाई का मामला, पारदर्शिता की भी खुलने लगी पोल: इलेक्ट्रॉनिक तराजू में भी बाट रखने पर वजन दिखा रहा कम

बालोद। संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा और डौंडी लोहारा की विधायक अनिला भेड़िया लगातार कांग्रेस नेताओं के साथ मिलकर विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का जायजा ले रही हैं। मंगलवार को जब विधायकों की टीम सहित कांग्रेसी नेता लाटाबोड़ केंद्र में जांच के लिए पहुंचे तो वहां कई तरह की गड़बड़ी सामने आई। इस पर विधायकों ने संबंधित प्रबंधन को जमकर फटकार भी लगाई। यह पाया गया कि यहां एक कट्टा में 480 ग्राम अधिक तौला जा रहा है तो 1 क्विंटल के पीछे एक किलो 200 ग्राम की अधिक धान तौलाई हो रही है। जब 20 किलो के बाट को इलेक्ट्रॉनिक तराजू में भी रखकर देखा गया तो उसका वजन भी 19 किलो 910 ग्राम दिखा रहा था। ऐसे में तौल में भी पारदर्शिता नहीं देखने को मिल रही है। शासन से तय हुआ है कि बारदाना का वजन हेतु ज्यादा से ज्यादा 700 ग्राम तक अतिरिक्त धान तौल सकते हैं लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा है। अधिकतर जगह इससे ज्यादा की तौलाई कर किसानों की मेहनत पर डाका डाला जा रहा है।

इस बात का उजागर होने पर विधायक संगीता सिन्हा और अनिला भेड़िया दोनों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अगर सूखत के नाम पर प्रबंधन पहले से किसानों से ज्यादा धान खरीद रही है तो यह गलत है। सूखत अगर होता है परिवहन नहीं हो रहा है तो इसकी भरपाई तो सरकार करेगी। समिति को सरकार सूखत का पैसा जारी करेगी। परिवहन सरकार की जिम्मेदारी है। इसकी भरपाई किसानों से क्यों की जा रही है। किसानों का धान वापस करने के निर्देश प्रबंधन को दिए गए। लाटाबोड़ समिति में मौजूद ठेकेदार द्वारा जब तौलाई में गड़बड़ी की पोल खुली तो पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन पर डालते हुए कहा गया कि उनके कहने पर हम ऐसा कर रहे हैं । इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी सिन्हा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर, छत्तीसगढ़ किसान कांग्रेस बालोद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, बालोद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, जनार्दन निषाद, भीखम ठाकुर, भोलाराम देशमुख, जागृत सोनकर , कमलेश श्रीवास्तव, जुंगेरा से देवेंद्र साहू, लाटाबोड़ सरपंच सहित निगरानी समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।

जिले में चल रहा धान खरीदी केंद्र चलो अभियान

बालोद जिले में धान खरीदी केंद्र चलो अभियान की शुरुआत की गई है। जिसको लेकर विधायक अनिला भेड़िया ,विधायक संगीता सिन्हा मालीघोरी ,पिरीद, व लाटाबोड़ सोसाइटी केंद्र पहुंचे थे और किसानों से बातचीत की गई। कांग्रेस के धान खरीदी केंद्र चलो अभियान पर पूर्व मंत्री विधायक अनिला भेड़िया ने तंज कसते हुए कहा कि,राज्य सरकार किसानों से धान नही खरीदना चाहती है। धान बेचने के लिये किसानों को काफ़ी परेशानी हो रही है। वही बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने कहा किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता दे ताकि वे बिना किसी रुकावट के अपनी उपज को बेच सके। विधायक ने सभी केन्द्रों को सख्त निर्देश दिये कि प्रत्येक बोरे का तौल 40 किलो 600 ग्राम सुनिश्चित किया जाय और किसानों के भुगतान में कोई देरी न हो। इस अवसर पर भरदाकला के कांग्रेस नेता क्रांति भूषण साहू, ब्लॉक अध्यक्ष गुंडरदेही भोजराम साहू ,ब्लाक अध्यक्ष लोहारा श्री प्रजापति ,रोहित सागर सहित कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता सहित अन्य किसान मौजूद थे।

You cannot copy content of this page