बालोद– धान खरीदी में अव्यवस्था सहित कांग्रेस सरकार की विफलता व अन्य मुद्ददे पर भाजपा द्वारा धरना प्रदर्शन व कलेक्टोरेट घेराव 22 जनवरी को किया जाएगा. जिसकी तैयारी जोर शोर से चल रही है. इस आयोजन में गाँव व शहर से किसानों को भी शामिल करने की योजना है. किसानों को भी इसमें समर्थन देने की अपील की गई है. जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पवार ने बताया कि 22 जनवरी को दोपहर 12 से 4 बजे झलमला में जिला स्तरीय विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा. जिसके बाद कलेक्टोरेट घेराव होगा हो सकता है. इस दौरान शाम को हमारी गिरफ्तारी भी हो जाए इसलिए हर स्थिति से निपटने भाजपा तैयार रहेगी. उन्होंने किसानों को भी इसमें शामिल होने की अपील की है. उन्होंने कहा कि जिन किसानों की बदौलत प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई है, आज वही किसान खुद को ठगा सा महसूस कर रहा है. सरकार की गलत नीतियों व कुप्रबंधन से आज किसान खून के आंसू रो रहा है. इन 2 वर्षों में सैकड़ों किसानों ने आत्महत्या की है. किसानों का एक-एक दाना खरीदने का वादा करने वाली कांग्रेस सरकार ने किसानों को धान बेचने के लिए जद्दोजहद करना पड़ रहा है. आज वास्तव में छत्तीसगढ़ का किसान प्रताड़ित व हतोत्साहित है.
इन मांगों पर हो रहा प्रदर्शन
धान खरीदी में एक माह की देरी, वर्ष भर समय रहते बारदाने की व्यवस्था न करने, धान के उठाव में अनावश्यक रूप से देरी, गिरदावरी कर 50% किसानों के रक्बे में कटौती करके धान के भुगतान में 15 से 20 दिन विलंब करना, वर्ष 2019 का भुगतान आज तक ना हो पाना, 2वर्ष के बोनस का वादाखिलाफी आदि अनेक अनेक मुद्दों को लेकर किसान व आम जनता के हक और अधिकार के लिए भाजपा सड़क से विधानसभा तक की लड़ाई लड़ेगी. अनेकों बार प्रशासन को व्यवस्था दुरुस्त करने ज्ञापन मांग व सूचना दिया गया किंतु शासन प्रशासन चुप्पी साधे बैठी है. उन्हें नींद से जगाने धरना प्रदर्शन कर कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे.
ये होंगे इस प्रदर्शन के वक्ता
भाजपा द्वारा हर जिले में होने वाले इस प्रदर्शन के लिए प्रवक्ता भी तय किए हैं इसके लिए बाकायदा जिला वार लिस्ट भी जारी की गई है जिसमे बालोद के लिए इस धरना प्रदर्शन को संबोधित करने क्षेत्रीय सांसद मोहन मंडावी, प्रदेश मंत्री राकेश यादव, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, विरेंद्र साहू, विकास मरकाम तय किए गए हैं इसके अलावा जिले भर के भाजपा नेता गण, प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, समस्त मंडल अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, भाजपा के मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी जनप्रतिनिधि सहित हजारों किसान शामिल होंगे. बालोद शहर से प्रदेश मंत्री राकेश यादव के नेतृत्व में शहर मंडल के कार्यकर्ता बैलगाड़ी पर सवार होकर नारे बाजी करते बालोद से झलमला तक जाएंगे फिर वहां धरना में शामिल होंगे.
