EXCLUSIVE-भाजपाइयों के धरना प्रदर्शन पर ठेमा बुजुर्ग पहुंचे मुख्यमंत्री ने कही यह बात, देखें क्या-क्या हुई घोषणा, आने वाले साल में क्या है सरकार की योजना?



बालोद/डौंडी.। बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल डौंडी ब्लाक के ग्राम ठेमा बुजुर्ग में पहुंचे थे। जहां पर आदिवासी हल्बी हल्बा समाज द्वारा शहीद गैंदसिंह शहादत दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस आयोजन में शामिल मुख्यमंत्री ने भाजपाइयों को धान खरीदी पर हो रही राजनीति पर जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि कुछ दिन बाद भाजपाई धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि क्या वे हमारी योजना के तहत सोसाइटी में धान नहीं बेचे हैं। क्या उन्हें राजीव गांधी योजना का लाभ नहीं मिला है। ऐसे कई भाजपाई है जो हमारी योजना में धान बेच चुके हैं। उन्हें पैसा भी मिल चुका है और वह धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। केंद्र सरकार की कृषि कानून के समर्थन में वे और हमारे धान खरीदी व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन करने जा रहे हैं। लेकिन सवाल यही है कि अगर हमारा विरोध कर रहे हैं तो हमारी योजना में धान क्यों बेचते हैं। उन्हें दोनों तरफ बात नहीं करनी चाहिए। एक तरफ केंद्र सरकार के कृषि कानून का समर्थन कर रहे हैं तो दूसरी ओर यहां सोसाइटी में धान बेच रहे हैं। केंद्र सरकार के कृषि कानून से खरीदी निजी हाथों में चली जाएगी। जिसका कांग्रेस विरोध कर रहे हैं। इधर दूसरी ओर भाजपाई दो गले की बात कर रहे हैं। एक तरफ हमारी योजना में धान बेच रहे हैं तो दूसरी ओर भाजपा समर्थित केंद्र सरकार के कृषि कानून का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने आदिवासी संस्कृति को सहेजने के लिए आगे भी प्रयास करने की बात कही। तो वही कोदो कुटकी को भी आने वाले साल में समर्थन मूल्य में खरीदने की बात सीएम ने कही।

ठेमा बुजुर्ग के ग्रामीणों व पंचायत प्रशासन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पर उन्होंने घोषणा किया कि यहां तांदुला नदी में पुल बना दिया जाएगा तो वही दंतेश्वरी मंदिर जाने की मार्ग पर सड़क बनेगी। इसके अलावा एक मंगल भवन के लिए भी उन्होंने 20 लाख देने की घोषणा की। तो वही जल्द ही रुकी हुई पुलिस भर्ती को शुरू करने की बात मुख्यमंत्री ने कही। जो कि लंबे समय से लटकी हुई है। वहीं मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज से कहा कि हम बहुत जल्द शहीद गेंदसिंह की आदम कद की प्रतिमा भी लगाएंगे। आप लोग जगह बताइए जहां भी कहेंगे वहां आदम कद की मूर्ति बनवा कर स्थापित करेंगे। कार्यक्रम को प्रभारी मंत्री अमरजीत सिंह भगत ने भी संबोधित किया। इसके अलावा विधायक व महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री अनिला भेड़िया ने भी क्षेत्र की प्रमुख मांगों व समस्याओं को रखा। मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान बालोद विधायक संगीता सिन्हा भी सड़क को लेकर लिस्ट देकर आई। जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत जल्द मैं बालोद भी आऊंगा। वहां एक रात रुकूंगा। वहां एक बड़ा सम्मेलन होगा। जहां सभी समाज प्रमुख व राजनीतिक संगठनों से चर्चा होगी। बालोद क्षेत्र की समस्याओं पर निराकरण भी जल्द होगा। जो भी मांगे हैं उन पर भी वहां आकर में घोषणा करूंगा। इस दौरान समाज प्रमुखों ने भी समाज की समस्या और मांगे रखी।

धान खरीदी पर यह बातें भी कहीं सीएम ने

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान खरीदी को लेकर भी यह बात रखी कि बारदाना की समस्या तो है। कोरोना काल में जूट मिल बन्द रही। इसलिए बारदाना सप्लाई भी कम हुई। केंद्र सरकार ने भी हमें बारदाना नहीं दिया तो हमने पीडीएस और राइस मिलर से व्यवस्था की। अंत में दिक्कत आई तो किसानों से भी कहा गया कि वह अपना बारदाना ले आए। फिर भी हमने धान खरीदी में कोई कमी नहीं की है। पिछले साल 83 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी की गई थी। इस साल अब तक 81 लाख मैट्रिक टन खरीद चुके हैं। और आने वाले दिनों में 90 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य है। लगातार केंद्र सरकार धान खरीदी में अड़ंगा डाल रही है लेकिन हम अपने वादे पूरे कर रहे हैं ।किसानों को कोई परेशानी नहीं होगी ना ही विकास को लेकर कोई पैसे की कमी होगी। इस दौरान कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद, विधायक संगीता सिन्हा सहित समाज प्रमुख मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page