DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर बोले: शराब पीकर तथा तेज गति से वाहन चलाना सड़क दुर्घटना का है मुख्य कारण 

बालोद जिले को दुर्घटना मुक्त बनाने के उपायों के संबंध में की गई विस्तृत चर्चा  

बालोद | कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने अधिकारियों को जिले को दुर्घटना मुक्त बनाने हेतु सभी उपाय सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान अधिकारियों ने बालोद जिले को दुर्घटना मुक्त बनाने के उपायों के संबंध में विस्तृत चर्चा की। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे, अपर कलेक्टर श्री चन्द्रकांत कौशिक एडीशनल एसपी श्री अशोक जोशी सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा जिला परिवहन अधिकारी श्री प्रकाश रावटे एवं अन्य अधिकारियों के अलावा जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यगण उपस्थित थे। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने कहा कि अतिवृष्टि एवं आंधी, तुफान के कारण मार्ग में पेड़ आदि गिरने से मार्ग बाधित होने पर संबंधित विभागों द्वारा आपसी समन्वय से तत्काल आवागमन बहाली हेतु समुचित कार्रवाई की जाए। श्री चन्द्रवाल ने अधिकारियों को सड़क में विचरण करने वाले घुमन्तु मवेशियों की समस्या की रोकथाम हेतु प्रभावी कदम उठाने तथा मुख्य नगर पालिका एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को काऊ कैचर आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शराब पीकर तथा तेज गति से वाहन चलाना सड़क दुर्घटना का मुख्य कारण है। उन्होंने शराब पीकर तथा तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को सघन अभियान चलाने को कहा। कलेक्टर ने जिले में 06 जुलाई से शुरू हो रहे जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर में उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जिले के स्कूल, काॅलेजों एवं हाट बाजार आदि स्थानों में यातायात सुरक्षा के संबंध में शिविर लगाने के निर्देश दिए।  उन्होंने अधिकारियों से जिले मंे सड़क दुर्घटना के रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के पश्चात् जिले में घटित सड़क दुर्घटना एवं जन-धन की क्षति के संबंध में भी जानकारी ली। अधिकारियों ने जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के फलस्वरूप प्रकरणों में निरंतर कमी आने की जानकारी दी। बैठक में अपर कलेक्टर श्री चन्द्रकांत कौशिक ने जिले के आम जनता को सड़क दुर्घटना की रोकथाम के संबंध में जानकारी प्रदान करने हेतु यातायात रथ के माध्यम से समुचित प्रचार-प्रसार करने के भी जानकारी दी। बैठक में एडीशनल एसपी श्री अशोक जोशी ने वर्तमान में हिट एण्ड रन कानून के तहत सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने पर उनके परिजनों को 02 लाख रूपये तथा घायल होने पर 50 हजार रूपये की राशि प्रदान करने के भी जानकारी दी। जिला परिवहन अधिकारी श्री विकास रावटे ने जिले में सड़क दुर्घटना की रोकथाम सुनिश्चित करने हेतु जिले में ब्लेक स्पाॅट चिन्हित करने की जानकारी दी।

You cannot copy content of this page