अज्ञात वाहन ने हवलदार को मारी टक्कर, पैर फैक्चर कुसुमकसा पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा



बालोद/दल्ली राजहरा। जिले में 2021 की शुरुआत से ही सड़क हादसे में अचानक से तेजी आई है। एक तरफ जहां लोगों को जागरूक करने के लिए यातायात और पुलिस विभाग अभियान चला रही है तो वहीं अब तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे पुलिस वालों को भी नहीं बख्स रहे हैं। एक बड़ी घटना कुसुमकसा के माहला पेट्रोल पंप के पास होने की जानकारी सामने आ रही है। जहां पर बाइक से जा रहे एक हवलदार बलराम मरकाम को एक अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी है। जिससे उनका पैर बुरी तरह से फैक्चर हो गया है। घायल हवलदार प्रधान आरक्षक बलराम मरकाम ग्राम चिखली थाना डौंडी के रहने वाले हैं। जिनकी पोस्टिंग अर्जुन्दा थाने में है। घर से अर्जुन्दा अपनी ड्यूटी करने के लिए जा रहे थे। बीच-बीच में घर से आना जाना करते हैं। इस बीच आज हादसा हो गया। सूत्रों के मुताबिक टक्कर मारने वाली गाड़ी इनोवा होने की बात सामने आ रही है। लेकिन अभी पुलिस की ओर से इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है।

You cannot copy content of this page