Sat. Sep 21st, 2024

पीएम मोदी के बारे में अभद्र नारे व कांग्रेस के घेराव का मुंहतोड़ जवाब देने भाजपा जिला अध्यक्ष ने की अपील, कोरोना से ग्रसित जिला अध्यक्ष के घर के सामने प्रदर्शन पर भाजपाइयों ने कहा कांग्रेसियों में मर गई है मानवता, आज भाजपाइयों का विधानसभा स्तरीय होगा प्रदर्शन

बालोद। मंगलवार को युवा कांग्रेस द्वारा विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया था। इस घेराव के दौरान बैरिकेड तोड़कर युवा कांग्रेस के नेता भाजपा जिलाध्यक्ष केसी पवार के घर के बाहर पहुंच कर भी नारेबाजी कर रहे थे। भाजपा जिला अध्यक्ष कोरोना से ग्रसित है और अभी होम आइसोलेशन पर भी है। ऐसे में क्वॉरेंटाइन में रह रहे व्यक्ति के घर के बाहर जाकर कांग्रेसियों द्वारा शोर-शराबा करने पर भाजपाइयों में जमकर नाराजगी है। इस दौरान कांग्रेसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर भी आपत्तिजनक नारे लगा रहे थे। जिस पर भाजपा के अध्यक्ष पवार ने कड़ी भर्त्सना करते हुए भाजपाइयों से अपील की है कि आज हो रहे विधानसभा स्तरीय धरना प्रदर्शन उक्त घेराव का मुंहतोड़ जवाब देना है। भाजपाई आज दोपहर 12:00 से शाम 4:00 बजे तक विधानसभा स्तरीय धरना प्रदर्शन करेंगे।जिसमें कांग्रेस सरकार की विफलताओं को बताया जाएगा। बालोद विधानसभा क्षेत्र गुरूर में, गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र में धमतरी चौक में और डौंडीलोहारा में यह धरना प्रदर्शन होगा। पहले अर्जुन्दा में भी प्रदर्शन की तैयारी थी, बाद में गुंडरदेही तय किया गया। वहीं आने वाले दिनों जिला स्तरीय प्रदर्शन बालोद में होना है इसलिए अभी गुरुर में प्रदर्शन होगा। सभी शहर मंडल से भी कार्यकर्ता विधानसभा प्रदर्शन में हिस्सा ले रहे।इधर बैरिकेड तोड़कर भाजपा दफ्तर का घेराव करने वालों पर कार्यवाही की मांग के साथ पुलिस द्वारा भी उन्हें प्रसय दिए जाने का आरोप भाजपाइयों ने लगाया है।

ऐसा करना कांग्रेस को शोभा नही देती

भारतीय जनता पार्टी के महामंत्रियों ने कहा है कि हमारे जिला भाजपा के अध्यक्ष कृष्णकांत पवार कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और आगामी 16 जनवरी तक होम आइसोलेट में हैं। ऐसे में इन युवक कांग्रेसियों का प्रदर्शन लाजमी नहीं है। एक क्वॉरेंटाइन व्यक्ति के घर के बाहर भी जाकर प्रदर्शन किया गया जो कि कतई उचित नहीं है। ऐसी घटनाएं कांग्रेस को शोभा नहीं देती और यह बताती है कि कांग्रेसियों में मानवता जैसी कोई चीज बाकी नहीं रही। वहीं पुलिस पर भी शय देने का आरोप भाजपाइयों ने लगाया है।

पुलिस सख्त होती तो बैरिकेड न तोड़ते
भाजपा जिला महामंत्री किशोरी साहू ने बताया कि अगर पुलिस द्वारा सख्त रवैया अपनाया जाता तो बैरिकेडिंग तोड़कर कांग्रेसी भाजपा कार्यालय के समीप नहीं पहुंचते। भाजपा कार्यालय से दूर उन्होंने क्वॉरेंटाइन जिला अध्यक्ष के घर के सामने भी जाकर प्रदर्शन किया है जो कि उचित नहीं है। क्या प्रशासन ऐसी अनुमति देता है क्या, उन पर आगे किसी तरह की कार्रवाई की जाती है। यदि कोई बैरिकेडिंग भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा तोड़ा जाता तो अभी तक उनके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया जा चुका होता। आखिर क्यों पुलिस प्रशासन द्वारा इन लोगों को छूट दी जा रही है।

जिम्मेदार पदों में बैठे लोग कर रहे गलत
भाजपा जिला महामंत्री प्रमोद जैन ने भी कांग्रेस की स्थिति की कड़ी निंदा की है और कहा कि जिम्मेदार पदों पर बैठे युवक कांग्रेसीयों द्वारा इस तरह का कृत्य करना शोभनीय नहीं है। पुलिस प्रशासन द्वारा भी उनके लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। बैरिकेटीग तोड़ने के बावजूद भी उन्हें धरना प्रदर्शन करने के लिए छूट पुलिस द्वारा दी गई। जिसकी हम कड़ी निंदा करते हैं।
भाजपा से करवाने हैं वादे पूरे तो सत्ता छोड़ दे कांग्रेस
पूर्व विधायक प्रीतम साहू ने कहा कि बारदाना की व्यवस्था प्रदेश सरकार को करनी होती है किसानों के लिए युवक कांग्रेस चिंतित है तो अपनी सरकार व अपने मुख्यमंत्री को घेरे जन घोषणा पत्र में किए अपने वादे को मोदी जी या भाजपा से करवानी हो तो सत्ता छोड़ दे। प्रदेश भाजपा मंत्री राकेश यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसान और जनता को लोकलुभावन वादे कर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। अपनी घटती लोकप्रियता एवं जनाधार को छुपाने के लिए ऐसे अमानवीय प्रदर्शन की निंदा करता हूं। भाजपा नेता पवन साहू ने कहा कि धान खरीदी की संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होती है। भूपेश बघेल की सरकार के कूप्रबंधन से आज हर किसान दुखी है। अधिकतर धान खरीदी केंद्र बंद हो गए हैं। साल बित जाने के बाद भी पिछले वर्ष का पैसा नहीं दे पा रहे हैं। किसानों के हितैषी बताने वाली सरकार किसानों का कितना हित कर रही है वह आज एक एक किसान के आंसू बता रहे हैं। जिला महामंत्री किशोरी साहू और प्रमोद जैन सहित सभी मंडल अध्यक्ष सुरेश निर्मलकर प्रेम साहू दुष्यंत सोनवानी गोविंद वाधवानी मनीष झा रुपेश सिन्हा कौशल साहू प्रणेश जैन टिनेश्वर बघेल सहित भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने कहा कि विश्व के प्रथम पंक्ति के नेता हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिनकी लोकप्रियता अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर है अपने देश के प्रधानमंत्री की गरिमा को ध्यान में ना रखते हुए स्तर हीन शब्दों का प्रयोग युवक कांग्रेस द्वारा किया गया। जो देश की गरिमा के हित में नहीं है हम सभी उनकी कृत्य की निंदा करते हैं तथा उन्होंने गैर मानवता दिखाते हुए मंगलवार को जो प्रदर्शन किया है उसका जवाब हम आज अपने विधानसभा स्तरीय धरना प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस को जरूर देंगे।

By dailybalodnewseditor

2007 से पत्रकारिता में कार्यरत,,,,,कुछ नया करने का जुनून, कॉपी पेस्ट से दूर,,,

Related Post

You cannot copy content of this page