बोर्ड एक्जाम में बालोद का बजा डंका: देखिए कैसा रहा जिले का ओवरआल रिजल्ट?



कक्षा दसवीं में 74.30 एवं कक्षा बारहवीं में 88.36 प्रतिशत विद्यार्थी हुए उत्तीर्ण

प्रावीण्य सूची में शामिल होने वाले जिले के 03 विद्यार्थियों को मिलेगा हेलीकाॅप्टर में सैर करने का मौका

जिले के तीन टाॅपर्स में से दो विद्यार्थी जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे प्रतिभा प्रवीण एवं प्रतिभा वितान कार्यक्रम से लाभान्वित

बालोद। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आज जारी किए गए हाई स्कूल एवं हायर सेकण्डरी परीक्षा परिणाम के अंतर्गत बालोद जिले के तीन विद्यार्थी हायर सेकण्डरी बोर्ड परीक्षा में राज्य स्तर पर प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने में सफल हुए हंै। राज्य स्तर पर प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले जिले के तीन विद्यार्थियों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झलमला के कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय की विद्यार्थी कुमारी दिव्या साहू ने कुल 96.40 प्र्रतिशत अंक अर्जित कर पांचवां स्थान, महावीर इंग्लिश मीडियम स्कूल बालोद के कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय के विद्यार्थी निशांत देशमुख ने 96.20 प्रतिशत अंक अर्जित कर छठवां स्थान तथा जिले के डौण्डी विकासखण्ड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटागांव के कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय के विद्यार्थी बलवीर ने 95.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर पूरे प्रदेश में प्रावीण्य सूची में दसवां स्थान अर्जित किया है। प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले जिले के इन तीनों विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के मंशानुरूप हेलीकाॅप्टर में सैर करने का सौभाग्य प्राप्त होगा।

बालोद विधायक ने किया दिव्या का सम्मान


जिला शिक्षा अधिकारी श्री मुकुंद साव ने बताया कि आज जारी किए गए परीक्षा परिणाम के अंतर्गत बालोद जिले के हायर सेकण्डरी बोर्ड परीक्षा परिणाम 88.36 प्रतिशत एवं हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा परिणाम 74.30 प्रतिशत रहा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल के अंतर्गत हायर सेकण्डरी बोर्ड परीक्षा में बालोद जिले में 5016 बालक एवं 6178 बालिका सहित कुल 11194 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। जिसमें से 4239 बालक एवं 5647 बालिका सहित कुल 9886 परीक्षार्थी परीक्षा में उत्तीर्ण हुए। जारी किए गए परीक्षा परिणाम के अंतर्गत 1441 बालक एवं 2400 बालिका सहित कुल 3841 परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी तथा 2261 बालक एवं 2830 बालिका सहित कुल 5091 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी तथा 537 बालक एवं 417 बालिका सहित कुल 954 परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए है।
इसी तरह हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में 5270 बालक एवं 5931 बालिका सहित कुल 11201 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। जिसमें से 3576 बालक एवं 4742 बालिका सहित कुल 8318 परीक्षार्थी परीक्षा में उत्तीर्ण हुए। इसमें से 1273 बालक एवं 2193 बालिका सहित कुल 3466 परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी तथा 1873 बालक एवं 2279 बालिका सहित कुल 4152 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी तथा 430 बालक एवं 270 बालिका सहित कुल 700 परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए है। जारी किए गए परीक्षा परिणाम के अंतर्गत इस वर्ष भी बालिकाओं का परीक्षा परिणाम बालकों से उत्कृष्ट रहा। हायर सेकण्डर बोर्ड परीक्षा में बालिकाओं का परीक्षा परिणाम 91.43 प्रतिशत एवं बालकों का परीक्षा परिणाम 84.57 प्रतिशत रहा। इसी तरह हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में बालिकाओं का परीक्षा परिणाम 79.96 प्रतिशत तथा बालकों का परीक्षा परिणाम 67.92 प्रतिशत रहा।
हायर सेकण्डरी बोर्ड परीक्षा परिणाम के अंतर्गत राज्य स्तर पर टाॅप टेन सूची में स्थान हासिल करने वाले जिले के तीन विद्यार्थियों में से कुमारी दिव्या साहू जिला स्तर पर शुरू किए गए प्रतिभा प्रवीण कार्यक्रम एवं बलवीर विकासखण्ड स्तर पर शुरू किए गए प्रतिभा वितान कार्यक्रम से लाभान्वित हुए थे। बालोद जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विशेष कोचिंग की सुविधा प्रदान करने हेतु जिले में शुरू किए गए प्रतिभा प्रवीण एवं प्रतिभा वितान कार्यक्रम जिले के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभप्रद साबित हुआ है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा के दिशा निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिला स्तरीय प्रतिभा प्रवीण कार्यक्रम के तहत जिले के 30 मेधावी बच्चों का चयन कर जिला मुख्यालय बालोद के समीपस्थ ग्राम पाकुरभाट में निःशुल्क आवासीय कोचिंग प्रदान की गई है। इसी तरह जिले के प्रत्येक विकासखण्ड मुख्यालयों में संबंधित विकासखण्ड के 30 मेधावी बच्चों का चयन कर उन्हें प्रतिभा वितान कार्यक्रम के अंतर्गत निःशुल्क कोचिंग प्रदान की गई है। इसके अलावा कलेक्टर के मार्गदर्शन में कमजोर विद्यार्थियों के शिक्षा गुणवत्ता में सुधार हेतु सभी शालाओं के कमजोर विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें प्रतिभा उत्कर्ष कार्यक्रम के अंतर्गत निःशुल्क कोचिंग की सुविधा प्रदान की गई है। जो जिले के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत कारगर साबित हुआ है। कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आज जारी किए गए परीक्षा परिणाम के अंतर्गत हायर सेकण्डरी बोर्ड परीक्षा में जिले के तीन विद्यार्थियों के राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त की है। श्री शर्मा ने तीनों विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम को जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया एवं इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के मंशानुरूप हमारे जिले के तीनों प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को हेलीकाॅप्टर में सफर करने का सौभाग्य प्राप्त होगा जो हम सभी जिले वासियों के लिए गौरव की बात है।

राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने में सफल हुए शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत जिले के विद्यार्थी
विद्यार्थियों ने दिया अध्ययन-अध्यापन की अनुकूल व्यवस्था, शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा समय पर उपलब्ध कराए गए मदद को अपने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए श्रेय

यदि व्यक्ति में कुछ बड़ा कर गुजरने की अदम्य लालसा तथा दृढ़ इच्छा शक्ति एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो उसे मंजिल हासिल करने से कोई नहीं रोक सकता। इसे अक्षरशः चरितार्थ किया है हमारे जिले के बहुत ही सामान्य परिवार से ताल्लूक रखने वाले शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने। आज छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा जारी किए गए हाई स्कूल एवं हायर सेकण्डरी बोर्ड परीक्षाओं के जारी परीक्षा परिणाम के अंतर्गत जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत दो विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में स्थान अर्जित कर शासकीय स्कूलों की महत्ता को साबित किया है। उल्लेखनीय है कि आज जारी किए गए हायर सेकण्डरी बोर्ड परीक्षा परिणाम के अंतर्गत जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम झलमला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय की विद्यार्थी कुमारी दिव्या साहू ने कुल 96.40 प्र्रतिशत अंक अर्जित कर राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में पांचवां स्थान अर्जित किया है। इसी तरह जिले के आदिवासी बाहुल्य डौण्डी विकासखण्ड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटागांव के कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय के विद्यार्थी बलवीर ने 95.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर पूरे प्रदेश में प्रावीण्य सूची में दसवां स्थान अर्जित किया है। जिले दोनों प्रतिभाशाली विद्यार्थी बहुत ही सामान्य परिवार एवं विपरीत हालात का सामना करते हुए इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल किए हैं।
अपने इस महत्पूर्ण उपलब्धि के संबंध में जानकारी देते हुए राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में पांचवां स्थान अर्जित करने वाले कु. दिव्या साहू ने बताया कि वे बहुत ही सामान्य परिवार की विद्यार्थी हैं। उनके पिता स्व. श्री योगेन्द्र साहू जब वे बहुत छोटी थी तभी वे दिवंगत हो गए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी माता श्रीमती योगेश्वरी साहू अथक मेहनत कर उन्हें एवं उनकी दो बड़ी बहनों को पढ़ा रही हैं। वर्तमान में उनकी बड़ी बहन मधुबाला साहू एम.ए. अंतिम वर्ष एवं मंझली बहन उर्वशी बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण अनेक बार आर्थिक कठिनाईयों का भी सामना करना पड़ता है। उनकी माता श्रीमती योगेश्वरी साहू वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत मितानीन का कार्य करती हैं। इसके अलावा मेहनत मजदूरी कर उन्हें एवं उनके दोनों बहनों की पढ़ाई-लिखाई का खर्च उठा रही हैं। कु. दिव्या ने अपनी इस उपलब्धि के संबंध में जानकारी देेते हुए बताया कि उनके विद्यालय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झलमला में अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था बहुत ही उत्तम है। वहां के शिक्षक भी योग्य एवं अपने कार्यों के प्रति समर्पित है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सतत पे्ररणा एवं मार्गदर्शन तथा विद्यालय के द्वारा उपलब्ध कराए गए समय पर मदद के फलस्वरूप आज वे इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने में सफल हुई हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा राज्य शासन के योजना के अनुसार समय पर उपलब्ध कराए गए छात्रवृत्ति, सरस्वती सायकल वितरण योजना अंतर्गत स्कूल तक आने जाने हेतु मिले सायकल, गणित-विज्ञान प्रोत्साहन छात्रवृत्ति तथा जिला प्रशासन द्वारा शुरू किए प्रतिभा प्रवीण कार्यक्रम के अंतर्गत मिले सहयोग के फलस्वरूप आज राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में पांचवां स्थान अर्जित करने में सफल हुए है।
इसी तरह राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में दसवां स्थान अर्जित करने वाले विद्यार्थी बलवीर ने भी अपनी इस उपलब्धि का श्रेय स्कूल की उत्तम अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था, शासन के योजनाओं के अंतर्गत मिले सहयोग एवं जिला प्रशासन द्वारा विकासखण्ड स्तर पर शुरू किए गए प्रतिभा वितान कार्यक्रम को दिया हैै। इन दोनों विद्यार्थियों ने अपने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने में सहयोग करने के लिए राज्य शासन एवं जिला प्रशासन को हृदय से धन्यवाद करते हुए उनके प्रति विनम्र आभार व्यक्त किया है। इस तरह से यदि शासकीय विद्यालय के विद्यार्थियों को भी यदि अध्ययन-अध्यापन हेतु जरूरी सुविधाएं एवं समय पर मदद उपलब्ध कराई जाए तो वे सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं।

You cannot copy content of this page