जिले के 142 धान खरीदी केन्द्रों में अब तक 05 लाख 26 हजार 936 मेट्रिक टन धान की हो चुकी है खरीदी

बालोद ।जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी निरंतर जारी है। जिले में पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी हेतु 142 धान खरीदी केन्द्र स्थापित किये गये हैं। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि 12 जनवरी 2023 तक कुल 05 लाख 26 हजार 936.80 मेट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। खरीदे गये धान में से जिले के राईस मिलरों के द्वारा 308913 मेट्रिक टन धान एवं अंर्तजिला धमतरी एवं दुर्ग के द्वारा 77604 मेट्रिक टन कुल 386517 मेट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है, जो कि कुल खरीदी का 73.3 प्रतिशत है। उपार्जन केन्द्रों में 140419 मेट्रिक टन धान उठाव हेतु शेष है। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार खरीफ वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर खरीदे गये धान का उपार्जन केन्द्रों से उठाव 28 फरवरी 2023 तक किया जाना है। वर्तमान में राईस मिलरों के द्वारा उठाव किये गये धान के आधार पर लगभग 15 फरवरी 2023 तक धान उठाव की कार्ययोजना बनाई गई है ।
खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी हेतु कुल 142861 किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। पंजीकृत किसानों में से 132813 किसानों के द्वारा समर्थन मूल्य पर अपना धान विक्रय कर चुके हैं। जो कि पंजीकृत किसानों का 93 प्रतिशत है। गत खरीफ वर्ष 2021-22 में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय हेतु 1,38,723 किसानों के द्वारा पंजीयन कराया गया था । जिसमें से 1,30,679 किसानों के द्वारा धान बेचा गया था, जो कि कुल पंजीयन का 94 प्रतिशत था। इस वर्ष धान खरीदी लगभग समाप्ति की ओर है अभी भी धान खरीदी हेतु 12 कार्यदिवस शेष है। किसी भी खरीफ वर्ष में पंजीकृत शतप्रतिशत किसानों के द्वारा समर्थन मूल्य पर धान विक्रय नहीं किया जाता है। जैसा कि गत वर्ष पंजीकृत किसानों में से 94 प्रतिशत किसानों ने धान विक्रय किया था । इस वर्ष भी पंजीकृत किसान जो समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करना चाहते हैं उनके पास पर्याप्त समय शेष है। सभी उपार्जन केन्द्रों में आवश्यकतानुसार पर्याप्त मात्रा में बारदानें एवं अन्य मूलभूत सुविधा की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page