बालोद। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार को छत्तीसगढ़ में 4 साल पूरे होने पर संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा ने उनसे प्रत्यक्ष मुलाकात कर इस सफलता के लिए बधाई दी।छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के 17 दिसंबर को चार साल पूरे हुए हैं। इस दिन को सरकार की ओर से छत्तीसगढ़ गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। इस दिन सभी गौठानों, सहकारी सोसायटी परिसरों, धान खरीदी केंद्रों, तेंदुपत्ता संग्रहण केंद्रों, वनोपज प्रबंधन समितियों, हाट-बाजारों और नगरीय क्षेत्र के वार्डों में कार्यक्रम हुए। विधायक ने कहा कि आयोजन से लोगों में कांग्रेस की योजनाओं के प्रति विश्वास जगा और लोगों को योजनाओं का लाभ मिला।
गौमूत्र और गोबर खरीदी करने वाला पहला राज्य
विधायक ने इस उपलब्धि पर कहा हमारे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ का नारा दिया। गोधन न्याय योजना के अंतर्गत 2 रुपये किलो में गोबर और 4 रुपये लीटर गौमूत्र की खरीदी करने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बना। राज्य में सुराजी गांव योजना के गरवा घटक के तहत निर्मित 9619 से अधिक गौठानों में गोधन न्याय योजना के साथ-साथ आजीविका मूलक गतिविधियों की भी शुरुआत की गई। इससे हजारों की संख्या में महिला स्व सहायता समूहों की सदस्यों को रोजगार मिला।
चार साल में फसलों पर 16,401 करोड़ से ज्यादा की सब्सिडी
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने 17 दिसंबर 2018 को कामकाज शुरू किया था। सरकार बनने के दो घंटे में ही ढाई हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, किसानों की कर्ज माफी, सिंचाईं कर माफ करने जैसे वादे पूरे कर दिए। इसके बाद राजीव गांधी किसान न्याय योजना की शुरुआत करते हुए किसानों को फसलों पर इनपुट सब्सिडी देने की व्यवस्था की गई। योजना के तहत चार सालों में अब तक 16,401 करोड़ 45 लाख रुपये की इनपुट सब्सिडी का भुगतान किया जा चुका है।
