बड़ी खबर- सुसाइड नोट में 5 लोगों का लिखा नाम, इनकी वजह से था परेशान इसलिए कर रहा आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी, पाररास की घटना



मृतक विनोद निर्मलकर

बालोद। बालोद शहर के पाररास वार्ड में आत्महत्या का एक बड़ा मामला सामने आया है। दर असल में इस वार्ड के रहने वाले 28 वर्षीय विनोद कुमार निर्मलकर ने शनिवार को दोपहर 12 से 2 बजे के बीच अपने पुराने मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जब पुलिस मौके पर सूचना के बाद पहुंची और छानबीन हुई तो घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद की गई। जिसमें 5 लोगों का नाम लिखा हुआ है। इसके अलावा यह भी लिखा गया है कि मैं इन लोगों से परेशान था। इस वजह से आत्महत्या कर रहा हूं। स्पष्ट वजह सामने नहीं आ पाया है। मौके पर जांच के लिए पहुंचे बालोद थाने से सहायक उपनिरीक्षक यामन देवांगन का कहना है कि वह 5 लोग कौन है इसकी छानबीन की जा रही है और क्यों वह मृतक इनसे परेशान था, यह भी जांच का विषय बना हुआ है। सुसाइड नोट में किसी इमरान, टिंकू देवांगन, वंदना, ईशु चौहान का नाम लिखा हुआ है। मृतक विनोद कुमार पिता रवि निर्मलकर 28 साल ने अपने पुराने घर में फांसी लगाई है। जहां पर उसकी दादी रहती थी। इस घटना के बाद व सुसाइड नोट बरामद होने के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं तो वहीं चर्चा यह छिड़ी हुई है कि आखिर इस सुसाइड नोट में जिन लोगों का नाम आया है, उनका मृतक से क्या लेना देना था। आखिर ऐसी क्या परेशानी थी जिससे तंग आकर विनोद ने इतना बड़ा कदम उठा लिया। वह शादीशुदा था। दो बच्चे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल कोई निष्कर्ष नहीं निकला है। शोक कार्यक्रम के चलते पुलिस परिजनों से ज्यादा पूछताछ नहीं कर रही है। कार्यक्रम होने के बाद जिन लोगों के नाम सुसाइड नोट में पाए गए हैं, उनके बारे में भी परिजनों से पूछताछ की जाएगी तो वही संबंधित व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर उनसे भी इस बारे में जानकारी हासिल की जाएगी। तब जाकर इस केस में नया खुलासा हो सकता है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक जिनका नाम सामने आया है वह बालोद व आस पास के ही रहने वाले हैं। एक व्यक्ति वेल्डिंग दुकान भी संचालित करता है। इसके अलावा गाड़ी की खरीद-फरोख्त का कारोबार भी कुछ लोग करते हैं। मृतक के पास भी छोटा हाथी गाड़ी है। कहीं गाड़ी के लेनदेन को लेकर तो कोई परेशानी नहीं थी, इस बात की भी चर्चा छिड़ी है।

You cannot copy content of this page