जिन्हें कह रहे थे छोड़ दिए कांग्रेस वे भी पहुंचे सीएम के जन्मदिन पर बधाई देने, जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा अफवाह उड़ाने वालों के खिलाफ होगी एफआईआर



भन्डेरा के कार्यकर्ताओं ने नहीं दिया इस्तीफा, फर्जी तरीके से केदार देवांगन ने करवाया ग्रामीणों से हस्ताक्षर, पूछताछ में खुली पोल

बालोद। 2 दिन पहले जहां गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भन्डेरा के 120 से ज्यादा कार्यकर्ताओं के कांग्रेस से इस्तीफा दिए जाने की बात सामने आई थी। तो वही एक पत्र भी इंटरनेट मीडिया में वायरल हुआ था। लेकिन इस मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब इसी गांव के वही ग्रामीण मंगलवार को रायपुर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को जन्मदिन की बधाई देने के लिए पहुंच गए। जहां उनसे जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर, संसदीय सचिव व गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद सहित अन्य लोगों ने पूछताछ की। तो मालूम हुआ कि उन्होंने तो कोई इस्तीफा ही नहीं दिया है। आज भी उनकी कांग्रेस के प्रति निष्ठा बरकरार है। और मुख्यमंत्री के जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं। पूछताछ में उक्त फर्जी इस्तीफे की पोल खोली। ग्रामीणों ने बताया कि केदार द्वारा उन्हें फर्जी तरीके से हस्ताक्षर कराया गया और हमने कोई इस्तीफा दिया ही नहीं। केदार ने अपने नाम का इस्तीफा पत्र बनाकर हमारे द्वारा किए हस्ताक्षर को भी उसमें शामिल कर दिया गया। जबकि हमने उक्त हस्ताक्षर स्कूल की कुछ समस्याओं को लेकर किया था। जिसमें केदार पहले समिति से जुड़े हुए थे। लेकिन शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार के चलते उन्हें उक्त शाला प्रबंधन समिति से निकाल दिया गया है। पुराने हस्ताक्षर पत्र से यह बताया गया कि 122 लोगों ने इस्तीफा दिया है। फर्जी तरीके से तैयार किए गए इस्तीफा पत्र की सच्चाई सामने आने के बाद कांग्रेस में खलबली मची हुई है तो वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर मामले में कूट रचित दस्तावेज के जरिए इस्तीफा पत्र तैयार करने और वायरल कर अफवाह उड़ाते हुए पार्टी की छवि खराब करने को लेकर एफ आई आर दर्ज करवाने की बात कह रहीं हैं। वहीं इस मामले में संसदीय सचिव व विधायक कुंवर सिंह निषाद ने भी भंडेरा के कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा देने की बात को बेबुनियाद बताया। ग्राम पंचायत भंडेरा की सरपंच खेमिन ढाले तथा उपसरपंच रमेश साहू के साथ 110 कॉन्ग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार को राजधानी पहुंचे थे। दूसरी ओर कांग्रेस के जिला एवं ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा पार्टी तथा संसदीय सचिव की छवि को धूमिल करने वालों पर एफआईआर कराई जाएगी।

क्या है मामला

2 दिनों से ग्राम भंडेरा के 122 कार्यकर्ताओं ने पार्टी से इस्तीफा देने की बात कही जा रही थी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी से निष्कासित बूथ अध्यक्ष केदार देवांगन द्वारा कूटरचित दस्तावेज में पार्टी से इस्तीफे की बात कही जा रही है। ग्रामीणों से पूछने पर बताया कि ग्राम के हाई स्कूल का उन्नयन करने की मांग पत्र में हुए पुराने हस्ताक्षर को कार्यकर्ताओं के इस्तीफे के रूप में प्रचारित किया जा रहा है। इससे ग्राम में आक्रोश है।

विधिवत कोई इस्तीफा नहीं मिला है

जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोदूराम दिल्लीवार ने कहा कि ग्राम भंडेरा के कार्यकर्ताओं का विधिवत इस्तीफा आज तक नहीं मिला है। कार्यकर्ताओं के इस्तीफे को प्रचारित करने वाला पूर्व बूथ अध्यक्ष केदार देवांगन पहले से ही पार्टी से निष्कासित है। उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण निष्कासित किया गया है। कांग्रेस के दोनों प्रमुख पदाधिकारियों ने बताया कि पार्टी तथा संसदीय सचिव की छवि धूमिल करने वालों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि पूर्व से निष्कासित एक पदाधिकारी के इशारे पर झूठे एवं बेबुनियाद आरोप लगाकर अपनी घटिया मानसिकता को उजागर कर रहे हैं। जिसे सभी जानते हैं।

केदार देवांगन द्वारा जो इस्तीफा भेजा गया है वह उनका व्यक्तिगत है। जिसमें ग्रामीणों का फर्जी तरीके से हस्ताक्षर करा कर 122 लोगों का इस्तीफा बता करा अफवाह उड़ाया गया

स्वच्छ छवि तथा पार्टी मजबूत

पार्टी के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में कांग्रेस ने प्रदेश में ऐतिहासिक कार्य किया है। गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की छवि साफ एवं संगठन मजबूत है। संसदीय सचिव व विधायक कुंवरसिंह निषाद की सक्रियता से विस क्षेत्र में पार्टी की स्थिति मजबूत हुई है। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री व संसदीय सचिव के प्रवक्ता केशव शर्मा ने कहा कि जिले में कांग्रेस की स्थिति बेहतर है। प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीति – नीति के अनुसार कार्य कर रहे हैं। कुछ विध्वंसकारी लोग उसे पचा नहीं पा रहे हैं। उनको मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। ऐसी ही बात जिला पंचायत अध्यक्ष सोनादेवी देशलहरा, उपाध्यक्ष मिथिलेश निरोटी, जिला प्रतिनिधि राजेश बाफना, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, संतुराम पटेल, भोजराम साहू, चुकेश्वर साहू, जनपद अध्यक्ष जागृत सुनकर, सुचित्रा साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रहास देवांगन, संजीव चौधरी ने भी कही है।

बूथ अध्यक्ष रहे केदार के इस कृत्य की कार्यकर्ताओं ने की निंदा

गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भंडेरा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने इस्तीफे का खंडन करते हुए कहा है कि वो सब क्षेत्रीय विधायक एवं संसदीय सचिव कुंवरसिंह निषाद के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के साथ हैं और हमेशा रहेंगे। बूथ अध्यक्ष केदार देवांगन द्वारा कूटरचित दस्तावेज के माध्यम से 122 लोगों के कांग्रेस से इस्तीफा की जो बात की जा रही है,वो निराधार है,बेबुनियाद है। कुछ लोग विधायक कुंवरसिंह निषाद के बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर षडयंत्रपूर्वक उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। जिसका हम सभी भंडेरा के कांग्रेसजन कड़ी निंदा करते हैं।

क्या बोले संसदीय सचिव व विधायक निषाद

मामले में संसदीय सचिव व गुंडरदेही विधायक कुंवर निषाद ने कहा कि मेरी छवि को धूमिल करने के लिए ऐसा किया गया है। जबकि भन्डेरा के कार्यकर्ताओं ने कोई इस्तीफा नहीं दिया। रायपुर में जब उन लोगों से मुलाकात हुई तो उन्होंने सच्चाई बताई। वहीं फर्जी तरीके से इस्तीफा पत्र बनाकर वायरल करने वालों को उन्होंने कहा कि विधिवत इस्तीफा दे। कोई समस्या है तो अपनी बात संगठन में रखें। हमसे भी आकर मिले। लेकिन कुछ लोगों के इशारे पर केदार देवांगन द्वारा फर्जी तरीके से इस्तीफा बनाकर इस तरह की हरकत की गई है। श्री निषाद ने कहा केदार देवांगन को शिक्षकों से दुर्व्यवहार के चलते उन्हें शाला प्रबंधन समिति से हटाया गया था। जिसके चलते कूट रचित दस्तावेज के जरिए फर्जी इस्तीफा पत्र बनवाया और वायरल किया है। मुझे बदनाम करने के लिए यह किया गया। कोई समस्या है तो जनप्रतिनिधि को अवगत कराना चाहिए। पार्टी में बात रखनी चाहिए। इस तरह जबरदस्ती बदनाम नहीं करना चाहिए। संगठन के जिम्मेदार पदाधिकारियों के पास उनका कोई पत्र नहीं गया है। तथाकथित कुछ लोगों के पास पत्र पहुंच जाता है और सोशल मीडिया में डाल दिया जाता है।

जिले की ये खबर भी देखें

You cannot copy content of this page