DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बाबा गुरू घासीदास राज्य अलंकरण सम्मान 2020 किसी को न दिए जाने पर अजा मोर्चा हुआ नाराज, सीएम के नाम सौंपा गया ज्ञापन

बालोद । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर सामाजिक चेतना एवं सामाजिक न्याय के लिए दिए जाने वाला प्रतिष्ठित बाबा गुरू घासीदास सम्मान 2020 के लिए इस वर्ष किसी का चयन नहीं किए जाने एवं सम्मान की घोषणा नहीं किए जाने के विरोध में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नवीन मार्कंडेय के निर्देशानुसार भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद अनुसूचित जाति मोर्चा के द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम से अपर कलेक्टर बालोद को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बाबा गुरू घासीदास छत्तीसगढ़ प्रदेश के अनुसूचित जाति के महान संत एवं प्रेरणा पुरूष है। उनके प्रति लाखों सामाजिक जनों की असीम श्रद्धा है, जो सतनाम पंथ के अनुयाई हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक सुधार के क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना वर्ष 2000 के पश्चात से ही छत्तीसगढ़ के महान विभूति संत बाबा गुरू घासीदास के नाम से दिए जाने वाला राज्य अलंकरण पुरस्कार की इस वर्ष प्रदेश सरकार ने घोषणा नहीं की है, जिससे छत्तीसगढ़ प्रदेश के अनुसूचित जाति समाज स्वयं को काफी आहट एवं अपमानित महसूस कर रहा है। शासन द्वारा बाबा गुरु घासीदास सम्मान अलंकरण पुरस्कार घोषित नहीं किए जाने से अनुसूचित जाति समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है, साथ ही समाज के आराध्य संतों की उपेक्षा हुई है। इस कृत्य की अनुसूचित जाति मोर्चा कड़े शब्दों में निंदा करते हुए मांग करती है कि तत्काल बाबा गुरू घासीदास पुरस्कार की घोषणा की जाए अन्यथा भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा पूरे प्रदेश में 5 नवंबर 2020 के पश्चात धरना प्रदर्शन कर सड़क की लड़ाई लड़ेगा।

ज्ञापन देने वाले प्रमुख लोगों में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल खोबरागड़े, प्रदेश सदस्य हितेश कुमार, नरेंद्र सोनवानी पूर्व एल्डरमैन नगर पालिका बालोद, अशवन बारले सांसद प्रतिनिधि, राजेश कांबले पार्षद नगर पालिका दल्लीराजहरा, मातरम दास कोसरे पार्षद नगर पंचायत डौंडी, रमेश गुर्जर महामंत्री अनुसूचित जाति मोर्चा आदि शामिल हुए।

You cannot copy content of this page