बालोद। जिला बनने के बाद से लगातार बालोद जिले में राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। इस बार भी दुर्ग जोन का दबदबा रहा। जिसमें अधिकतर बालोद जिले के खिलाड़ी शामिल रहे और ओवरऑल चैंपियनशिप दुर्ग जोन ने अपने नाम किया। तो वही दूसरे स्थान पर बस्तर जोन की टीम रही।

तीसरे स्थान पर रायपुर ने भी बाजी मारी। इस बार बस्तर का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा और अन्य संभागों को कड़ी टक्कर देते हुए वह दूसरे स्थान पर पहुंच गया। गुरुवार को जब परिणामों की घोषणा हुई तो ओवरऑल चैंपियन बने दुर्ग जोन के खिलाड़ी झूमने लगे और अपनी जोन का झंडा लहराते हुए खुशी का इजहार करने लगे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया वह हारे हुए टीम को भी कहा कि और ज्यादा मेहनत करें, सफलता जरूर मिलेगी।

हार जीत तो लगा रहता है। मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व गुंडरदेही के विधायक कुंवर सिंह निषाद थे। तो अध्यक्षता संगीता सिन्हा विधायक बालोद ने की। विशेष अतिथि, जिला पंचायत की अध्यक्ष सोना देवी देशलहरा व नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा थे।

इस दौरान डिप्टी कलेक्टर व गुरुर एसडीएम रश्मि वर्मा, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार बाग, एएसपी डीआर पोर्ते, सहायक खेल अधिकारी दुर्गेश नंदिनी साहू, सुरेश शांडिल्य सहित अन्य खेल से जुड़े कोच व अधिकारी मौजूद रहे।

विधायक ने कहा अपना 100% लगाकर मेहनत करें
संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र के विधायक संगीता सिंहा बालोद ने खिलाड़ियों को अपना 100% लगाकर मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया वह हार ना मानने के लिए प्रेरित किया। कहा कि आप एक बार,दो बार, तीन बार हारोगे लेकिन चौथी बार जीत जरूर होगी। इसलिए हार से घबराएं नहीं लगातार प्रयास करते रहे। एक दिन बड़ी सफलता जरूर मिलेगी।



