DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

ब्रेकिंग- वन्य प्राणी तेंदुआ खाल की तस्करी करते हुए 2 आरोपी गिरफ्तार, 10 लाख कीमती तेंदुआ खाल को बोरी में भरकर ग्राहक तलाशते मोटरसाइकिल से ले जा रहे थे

रास्ते में घेराबंदी कर साइबर सेल व थाना रुद्री पुलिस की संयुक्त टीम ने धर दबोचा

आरोपी के विरुद्ध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम एवं भादवि के तहत की गई कार्यवाही

दादु सिन्हा धमतरी। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर द्वारा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु आमसूचना तंत्र मजबूत करने, सतत पेट्रोलिंग व गस्त सुदृढ़ करने तथा किसी भी प्रकार की सूचना पर तत्काल तस्दीक कर वैधानिक कार्यवाही करने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। साथ ही वनांचल क्षेत्रों में वन्य प्राणियों एवं वस्तुओं की खरीदी बिक्री व तस्करी पर अंकुश लगाने सतत पेट्रोलिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगाह रखने निर्देशित किया गया है। जिसका बेहतर परिणाम भी नजर आ रहा है। इसी दरम्यान दिनांक 16/10/2021 को विश्वस्त सूत्रों से सूचना मिली कि एक नीले रंग की मोटरसाइकिल में दो व्यक्ति अपने पास वन्य प्राणी तेंदुआ की खाल रखकर बिक्री करने के लिए ग्राहक तलाश रहा है तथा मोटरसाइकिल से ग्राम बरारी की ओर जा रहा है। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर द्वारा सायबर सेल व थाना प्रभारी रुद्री को सूचना की तस्दीक कर त्वरित वैधानिक कार्यवाही करने निर्देशित किया गया। जिस पर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अरुण जोशी व नोडल अधिकारी अभिषेक केसरी पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कुरूद के पर्यवेक्षण में सायबर सेल व थाना रुद्री की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल मुखबिर सूचना की तस्दीक कर वैधानिक कार्यवाही करने रवाना हुए। उक्त टीम के द्वारा गवाहों के साथ मुखबिर के बताए स्थान ग्राम बरारी कुकरेल मार्ग स्थित मां लोलरदाई मंदिर तिराहा के पास घेराबंदी किया गया। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल में दो व्यक्ति को आते दिखे जिन्हें रोका गया। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर नाम-पता पूछकर विधिवत तलाशी ली गई। मोटरसाइकिल चला रहे व्यक्ति ने अपना नाम रघुनाथ निषाद पिता नरसिंह निषाद उम्र 22 वर्ष निवासी खिलौली थाना कुंदई जिला रायघर (उड़ीसा) तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम विमल यादव पिता सियाराम यादव उम्र 26 वर्ष निवासी मौहानाला चट्टानपारा थाना शोभा मैनपुर जिला गरियाबंद बताया। मोटरसाइकिल में पीछे बैठे व्यक्ति विमल यादव अपने पास पीले रंग की प्लास्टिक बोरी रखा था, जिसकी विधिवत तलाशी लेने पर बोरी में वन्य प्राणी तेंदुआ की 01 नग खाल बरामद हुआ, जिसके संबंध में पूछताछ करने पर संतुष्टिप्रद जवाब नहीं दिया। मौके में वैधानिक कार्यवाही करते हुए बरामद एक नग तेंदुआ की खाल कीमत करीबन 10 लाख रुपए को गवाहों के समक्ष जप्त किया गया । आरोपियों द्वारा परिवहन हेतु प्रयुक्त नीले रंग की टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 LS 1032 को जप्त कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा आरोपियों के विरुद्ध थाना रुद्री में वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम की धारा 9, 39 (1) (2) (3). 51, 52 व लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 एवं धारा 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड हेतु मान० न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
उक्त संपूर्ण कार्यवाही में संयुक्त टीम के साइबर सेल से निरीक्षक भावेश गौतम, थाना प्रभारी रुद्री विनय कुमार पस्मार, उप निरीक्षक नरेश बंजारे, प्रधान आरक्षक अनिल यदु, देवेंद्र राजपूत, आरक्षक आनंद कटकवार, दीपक साहू मुकेश मिश्रा, कृष्णा पाटिल, सितलेश पटेल, धीरज डडसेना, कमल जोशी एवं थाना रुद्री से सहायक उपनिरीक्षक सूरजपाल साहू, प्रधान आरक्षक राजकुमार सोनी का सराहनीय योगदान रहा।

You cannot copy content of this page