DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जशपुर की घटना पर मुख्यमंत्री ने दुःख जताया, दिए जांच के निर्देश : त्वरित कार्रवाई, दोनों आरोपी गिरफ्तार मुख्यमंत्री ने कहा कोई भी बख्शा नहीं जाएगा, सबके साथ न्याय होगा

रायपुर

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने जशपुर की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घटना को हृदय विदारक बताते हुए कहा है कि त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया दोषी पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि कोई भी बख्शा नहीं जाएगा सबके साथ न्याय होगा। उन्होंने हादसे में दिवंगत की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

ज्ञात हो कि जशपुर जिले में एक तेज रफ्तार कार ने धार्मिक जुलूस में शामिल लोगों को कुचल दिया। जशपुर के पत्थलगांव में करीब 150 लोग जुलूस की शक्ल में दुर्गा विसर्जन के लिए जा रहे थे। कार की टक्कर से 1 व्यक्ति गौरव अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। घायलों में 4 की हालत गंभीर है। कार में गांजा भरा हुआ था और तस्कर इसे ओडिशा से मध्य प्रदेश के सिंगरौली ले जा रहे थे। घटना के बाद लोगों ने कार को आग के हवाले कर दिया।


घटना के बाद लोगों ने पीछा कर कार के ड्राइवर को 5 किलोमीटर दूर सुखरापारा से पकड़ा। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की।

लोगों ने टक्कर मारने वाली कार को भी फूंक दिया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से आरोपी को भीड़ से छुड़ाया। उसे भीड़ से बचाते हुए पुलिस रायगढ़ जिले के कापू थाना लेकर चली गई। लोगों के गुस्से को देखते हुए मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है। इस केस में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। लोगों को कुचलने वाले तस्कर मध्य प्रदेश के हैं। इस घटना में पुलिस ने जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वे दोनों मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। इनके नाम बबलू विश्वकर्मा (21) और शिशुपाल साहू (26) है। इधर, लोगों के गुस्से की जानकारी मिलने पर पुलिस के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

कलेक्टर ने की शांति बनाए रखने की अपील

घटना को लेकर कलेक्टर रितेश अग्रवाल ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जरूर की जाएगी। अभी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ के आधार पर बाकी दोषियों के खिलाफ भी एक्शन लिया जाएगा।

You cannot copy content of this page