DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

शिक्षा विभाग के “हमारे नायक” में पेंडरवांनी के शिक्षक मारुति शर्मा का हुआ चयन

बालोद । गुरुर विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पेंडरवानी में पदस्थ शिक्षक मारुति शर्मा का स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित cgschool.in के पढ़ई तुंहर दुआर पोर्टल में “हमारे नायक” शिक्षक के रूप में चयन हुआ है । रिसाली,दुर्ग की शिक्षिका श्रीमती रश्मि नामदेव के ब्लॉग लेखन के क्रम में उनका चयन हुआ ।

ज्ञात हो कि मारुति शर्मा पदस्थापना के बाद से ही विद्यालय में नित नवीन नवाचारों के प्रयोग के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण लाभ के लिए सतत प्रयास कर रहे हैं । जन सहयोग व अधिकारियों के मार्गदर्शन से उन्होंने विद्यालय में प्रोजेक्टर से शिक्षा, संगीत कक्ष, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, गणित क्लब, उद्यान, परिसर में सी सी टी वी व प्रत्येक कक्ष में साउंड सिस्टम जैसे अधोसंरचना के लिए सफल प्रयास किये । कोरोना संक्रमण काल में भी वे बच्चों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर ऑनलाइन कक्षा लेने से लेकर मोहल्ला कक्षा में भी अध्यापन कर रहे हैं ।ग्रीष्मकालीन अवकाश में भी वे शासन द्वारा निर्देशित आमाराइट परियोजना कार्य व चित्रकला, हस्तकला जैसे विभिन्न गतिविधियों के लिए बच्चो को व्हाट्सअप ग्रुप में सतत मार्गदर्शन करते रहे हैं । स्काउटिंग के क्षेत्र में भी बच्चों के विकास के लिए सदैव प्रयासरत रहते हैं जिसके परिणाम स्वरूप अभी तक 15 से अधिक विद्यार्थी राज्यपाल पुरस्कार जांच परीक्षा में सफल हो चुके हैं । 15 से अधिक बच्चे साधन सह प्रावीण्य परीक्षा में भी उत्तीर्ण हो चुके हैं ।

उनके इस सफलता पर विकासखंड शिक्षाधिकारी यू एस नागवंशी,स्काउट जिला सचिव जितेंद्र शर्मा,प्रधान पाठक मनोहर सिंह दीवान सहित समस्त स्टाफ, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यगण,सरपंच एवं समस्त पंचायत प्रतिनिधिगण,ग्रामीणजन ग्राम पेंडरवानी तथा ब्लॉग लेखिका शिक्षिका रश्मि नामदेव ने उन्हें शुभकामनाएं प्रदान कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है ।

You cannot copy content of this page