DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

भाजपा की वर्चुअल बैठक में शामिल हुए भाजपा प्रदेश मंत्री राकेश यादव,, प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, पूर्व सीएम रमन ने उठाए शराबबंदी के मुद्दे

बालोद। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए नए कृषि कानूनों को देशभर के अन्नदाता किसानों के लिए क्रांतिकारी परिवर्तन की शुरुआत बताते हुए कहा है कि केंद्र सरकार की कृषि नीति से सबसे ज्यादा छत्तीसगढ़ का किसान लाभन्वित होगा। इससे किसानों की आय दोगुनी होगी। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ रमन सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक शिवरतन शर्मा, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद (राज्यसभा) रामविचार नेताम, राज्यसभा सांसद डॉ. सरोज पाण्डेय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, राष्ट्रीय संगठन सह संगठन महामंत्री वी. सतीश, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह व भाजपा के प्रदेश मंत्री राकेश यादव शामिल हुए।

बैठक में मौजूद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि आज दुनियाभर में भारत को सम्मान की दृष्टि से देखा जा रहा है। कोविड-19 समेत अनेक तरह की वैश्विक चुनौतियों, आतंरिक समस्याओं-आलोचनाओं-विरोधों आदि को झेलते हुए भी आज भारत अगर आपदा में अवसर तलाश रहा है, संकटों में भी आत्मनिर्भर भारत होने जैसा, लोकल के लिए वोकल होने जैसा हिम्मत हम कर पा रहे हैं, तो इसके लिए मोदी के प्रेरक नेतृत्व व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा के सांगठनिक कौशल को श्रेय जाता है। साय ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कृषि सुधार के क्षेत्र में ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कानून ने वास्तव में किसानों की सच्ची आजादी का मार्ग प्रशस्त किया है।

शराब बंदी के झूठे वादे के बाद ठगी महसूस कर रही महिलाएं – डाॅ रमन सिंह
इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज राजनीतिक प्रस्ताव और कृषि प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा हुई प्रस्ताव लाया गया। उन्होनें कहा कि प्रदेश में यह चर्चा है की कोई मुख्यमंत्री 2 साल में कैसे अलोकप्रिय हो सकता है। मुख्यमंत्री राज्यपाल को कहते है कि मर्यादा का पालन करें यह आश्चर्यजनक हैं। आज किसान अंदर ही अंदर आंदोलित है। दो साल का बोनस, समर्थन मूल्य नहीं दिया गया। महिलाएं शराब बंदी के झूठे वादे के बाद ठगी हुई महसूस कर रही हैं। युवा बेरोजगारी भत्ता की बांट जोह रहे हैं। आज प्रदेश में ऐसा वातावरण निर्मित हैं जो हमारे लक्ष्य को साकार करेगा।

राजभवन में नियुक्ति पर राज्य सरकार का हस्तक्षेप चिंताजनक-सरोज पाण्डे
राज्यसभा सांसद डॉ. सरोज पाण्डेय ने प्रदेश कार्यसमिति बैठक में कहा कि आज हम नई कार्यपद्धति अर्थात वर्चुअल माध्यम से इस बैठक में सम्मिलित हुए हैं। आज राजनीतिक प्रस्ताव और कृषि प्रस्ताव पास हुए यह दोनों ही महत्वपूर्ण हैं। आज प्रदेश की संघीय व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, राजभवन में नियुक्ति पर राज्य सरकार का हस्तक्षेप चिंताजनक है।

आत्मनिर्भर भारत की ओर अग्रसर हमारा देश – वी सतीश
बैठक में राष्ट्रीय संगठन सह संगठन महामंत्री वी. सतीश ने अपने संबोधन में कहा कि कोरोना महामारी के चलते हमनें अपनों को खोया है। कई भाजपा कार्यकर्ताओं को खोया है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के समय में 130 करोड़ का हमारा देश पूर्ण आत्मविश्वास के साथ लड़ाई लड़ रहा है, और भारत आत्मनिर्भर भारत की ओर अग्रसर हो रहा है। राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह ने बैठक में कहा कि संगठन की संरचना के साथ साथ सभी शक्ति केंद्रों के प्रमुख, सहप्रमुखों के साथ छोटी छोटी बैठकें हो जाएं और उनके कार्यों व दायित्यों की समीक्षा के साथ साथ बूथों की बैठक और तैयारी को लेकर व्यापक कार्ययोजना बना कर काम करना है।

किसानों की आजादी के लिए पीएम को किया धन्यवाद
नेताप्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए केंद्र के कृषि सुधार कानून को किसानों की वास्तविक आजादी का घोषणा पत्र बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कृषि सुधार के एक नए युग ने प्रवेश करने के लिए धन्यवाद दिया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक शिवरतन शर्मा ने नेताप्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक द्वारा लाए गए राजनीतिक प्रस्ताव का समर्थन किया जिसे हाथ उठा कर ध्वनिमत से सभी ने समर्थन कर राजनीतिक प्रस्ताव पास किया। उक्त जानकारी वर्चुअल बैठक में शामिल भाजपा प्रदेश मंत्री राकेश यादव ने दी।

You cannot copy content of this page