DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सुदूर वनांचल मंगलतराई में लगा ‘‘वैक्सीन मंडई‘, 1,031 ग्रामीणों ने कोरोना से बचाव हेतु लगवाया टीका, इधर भीमकन्हार सहित अन्य गांवो में भी बढ़ा टीकाकरण का ग्राफ

बालोद– नोवेल कोरोना वायरस कोविड-19 के संक्रमण से बचाव हेतु जिला प्रशासन द्वारा आदिवासी विकासखण्ड डौण्डी के सुदूर वनांचल ग्राम मंगलतराई में ‘‘वैक्सीन मंडई‘‘ का आयोजन किया गया। ‘‘वैक्सीन मंडई‘‘ में वनांचल के 33 ग्रामों के 01 हजार 31 ग्रामीणों ने कोरोना से बचाव हेतु टीका लगवाया। कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने ग्राम मंगलतराई में आयोजित वैक्सीन मंडई पहुॅचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वैक्सीनेशन कार्य सुचारू रूप से सम्पन्न कराने पंजीयन कक्ष, टीकाकरण कक्ष, निगरानी कक्ष, बैठक व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था आदि का अवलोकन किया। कलेक्टर ने टीका लगवाने आए ग्रामीणों से चर्चा की और उन्हें बताया कि कोरोना वायरस से बचाव हेतु टीका जरूरी है। टीका पूरी तरह सुरक्षित है।  वैक्सीन मंडई में टीका लगवा चुके ग्राम सिंघोला के 70 वर्षीय झाड़ूराम गोटा, ग्राम आमाबाहरा के 66 वर्षीय मनीराम कोरेटी, ग्राम बेलोदा के 88 वर्षीय लादूराम और ग्राम खुर्सीटिकुर की 60 वर्षीय दयाबती ने बताया कि वे कोरोना वायरस से बचाव हेतु टीका लगवाने आए थे, टीका लगवा चुके हैं और अभी किसी तरह की परेशानी नही है। वैक्सीन मंडई में मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनीक योजना के तहत् संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहन से स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक और स्टाॅफ द्वारा ग्रामीणों को बुखार, रक्तचाप, मधुमेह, रक्ताल्पता आदि की जाॅच कर जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाईयाॅ दी गई। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनीक योजना के अंतर्गत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहन की उपयोगिता के संबंध में ग्रामीणों को बताया और ज्यादा से ज्यादा उसका लाभ उठाने प्रेरित किया। इस अवसर पर मंत्री प्रतिनिधि श्री पीयूष सोनी, जनपद पंचायत डौण्डी की अध्यक्ष श्रीमती बसंती दुग्गा, उपाध्यक्ष श्री पूनीत सेन सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, एस.डी.एम. श्री ऋषिकेश तिवारी, जिला टीकाकरण अधिकारी डाॅ. एस.के.सोनी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बी.एस.राज आदि मौजूद थे।

भीमकन्हार में 290 लोगों को टीका लगा

उपस्वास्थ्य केंद्र कोसमी के अंतर्गत ग्राम पंचायत भीमकन्हारे में आयोजित शिविर में कोविड 19 का टीकाकरण किया गया. जिसमें 18 साल  और 45 साल उससे अधिक उम्र के लोगों को कोविड 19 का टीकाकरण किया गया. जिसमें 290 लोगों को कोविड 19 का टीका लगाया गया.  एएनएम मधु लता राजपूत, दुर्गा मंडावी एवं आर.एच. ओ. कमलेश सिंह ठाकुर , संजय साहू मितानिन आंगनबाड़ी एवं ग्राम पंचायत के सभी पंच  एवं सरपंच  के सहयोग से यह टीकाकरण किया गया।

प्रोत्साहित करने बांट रहे बिस्कुट, मास्क भी

डौंडीलोहारा के ग्राम बड़गांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना महामारी से निजात पाने  टीकाकरण का आयोजन किया गया. जिसमें मुख्य रुप से सरपंच ग्राम पंचायत बड़गांव दीपक ठाकुर के द्वारा बिस्किट एवं मास्क का वितरण किया गया और  समस्त ग्राम वासियों से अपील भी किया गया कि इस महामारी से बचने के लिए केवल वैक्सीन ही उपयोगी हैं और सबको लगाने के लिए प्रेरित किया गया. इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से अशोक टंडन शिक्षक, योगेंद्र तिवारी भाजयुमो मंडल अध्यक्ष, प्रवीण साहू यूथ अध्यक्ष, जय किशन साहू, भागी राम धाकड़, नवीन शांडिल्य, लोकेंद्र पटेल, आशीष टेमरे एवं उपस्वास्थ्य केंद्र बड़गांव के कर्मचारी,गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.

बालोद की बड़ी खबर जरुर पढ़े

You cannot copy content of this page