दल्लीराजहरा।
नगर पालिका अध्यक्ष शीबू नायर ने राजहरा माइंस के दौरे पर पहुंची सेल चेयरमैन सोमा मंडल से मुलाकात कर बीएसपी टाउनशिप क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं के निराकरण के लिए ज्ञापन सौंपा। नपा अध्यक्ष शीबू नायर द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि निकाय क्षेत्रान्तर्गत बीएसपी टाऊनशिप क्षेत्र के लगभग 10 वार्डों में जहां पर माइंस में कार्य करने वाले अधिकतर कर्मचारी निवासरत हैं। बीएसपी प्रबंधन द्वारा उक्त क्षेत्रों में विगत 10 वर्षों से मूलभूत सुविधाओं में कमी करते हुए धीरे धीरे विकास कार्यों में अनदेखी की जा रही है। इससे स्थानीय स्तर पर कर्मचारियों में काफी आक्रोश है। उक्त क्षेत्रों में निकाय द्वारा विकास कार्य प्रस्तावित कर एनओसी की मांग की जाती है उसमें भी बीएसपी प्रबंधन द्वारा किसी प्रकार का सहयोग नही किया जाता है। ऐसी स्थिति में उक्त क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जाने हेतु प्रस्ताव तैयार कर सेल चेयरमैन को सौंपा गया है।
नपा अध्यक्ष शीबू नायर ने सेल चेयरमैन से मांग किया कि हस्तांतरण प्रक्रिया के तहत 130 एकड़ भूमि को राजस्व विभाग को हस्तांतरित किया जाए,बीएसपी प्रबंधन के कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने हेतु बीएसपी द्वारा वर्षों से संचालित अस्पताल में सभी प्रकार के रोगों के इलाज हेतु चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाए,बीएसपी प्रबंधन के टाऊनशिप क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्य कराने हेतु निकाय द्वारा पूर्व में प्रेषित प्रस्ताव अनुसार तत्काल अनापत्ति प्रदान करने आदेशित किया जाए,बीएसपी टाऊनशिप क्षेत्रों में जल प्रदाय करने की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए जिससे टाउनशिप वासियों तक शुद्ध पेयजल पहुँच सके तथा बीएसपी टाऊनशिप क्षेत्रों में पूर्व में बीएसपी द्वारा सफाई कार्य किया जाता था जिसे अब बीएसपी प्रबंधन द्वारा पूर्णतः बंद कर दिया गया है। निकाय द्वारा टाऊनशिप क्षेत्रों में किये जा रहे साफ सफाई के एवज में पूर्व में प्रेषित प्रस्ताव अनुसार निकाय को निर्धारित अनुदान राशि आबंटित किया जाए।
बालोद की बड़ी खबर
