सूरजपुर(छग)। सूरजपुर कलेक्टर रणवीर शर्मा द्वारा एक युवक को सरेआम थप्पड़ मारे जाने की घटना की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कलेक्टर रणवीर शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस संबंध में फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया में भी अपनी प्रतिक्रिया साझा की है। मुख्यमंत्री का कहना है कि किसी भी अधिकारी का शासकीय जीवन में इस तरह का आचरण स्वीकार नहीं है इस घटना से क्षुब्ध हूं। मैं नव युवक व उनके परिजनों से खेद व्यक्त करता हूं। सोशल मीडिया के माध्यम से सूरजपुर कलेक्टर रणवीर शर्मा द्वारा एक नव युवक से दुर्व्यवहार का मामला मेरे संज्ञान में आया है। यह बेहद दुखद और निंदनीय है। छत्तीसगढ़ में इस तरह का कोई कृत्य कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


ज्ञात हो कि कलेक्टर ने लॉकडाउन में चेकिंग के दौरान एक युवक को सरेआम थप्पड़ मार दिया था। उनका मोबाइल पटक दिया था। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था।
हटाये गए सूरजपुर कलेक्टर
छत्तीसगढ़ शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के दो अधिकारियों की नवीन पदस्थापना आदेश भी जारी कर दिया है।

जिसके तहत रायपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गौरव कुमार सिंह को अब सूरजपुर जिले का नया कलेक्टर पदस्थ किया गया है। वहीं रणवीर शर्मा को कलेक्टर सूरजपुर से स्थानांतरित करते हुए तत्काल प्रभाव से मंत्रालय में संयुक्त सचिव प्रतीक्षारत के पद पर पदस्थ किया है।
संबंधित खबर जरूर पढ़ें
