DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जहां परिवार वालों ने भी नहीं दिया बुजुर्ग का साथ, वहां जय मां बंजारी संघ की महिलाओं ने करवाया अंतिम संस्कार, आत्मा की शांति के लिए शांति पाठ भी हुआ

शांतिपाठ करती महिलाएं

बालोद। बालोद शहर में एक और मानवता की मिसाल सामने आई है। आश्रय स्थल को संचालित करने वाली जय मां बंजारी क्षेत्रीय संघ की महिलाओं द्वारा एक बेसहारा बुजुर्ग चंदर बाई यादव के निधन होने पर उनका अंतिम संस्कार करवाया गया तो वही एक परिवार की भांति मृतक आत्मा की शांति के लिए शांति पाठ व अन्य अनुष्ठान भी किया गया।

दरअसल में बालोद बस स्टैंड में संचालित आश्रय स्थल में ग्राम नेवारीकला की एक बुजुर्ग महिला चंदर बाई यादव रहा करती थी। लगभग 1 साल से उक्त महिला ने आश्रय स्थल में पनाह लिया था। बताया जाता है कि उनके परिवार के अन्य सदस्य उनके साथ अच्छा बर्ताव नहीं करते थे तो वह अपने मूल गांव छोड़कर अपने पति के साथ बालोद आ गई थी। पिछले साल उनके पति का देहांत हो गया तो फिर वह अकेली हो गई और आश्रय स्थल में पनाह ले ली। आश्रय स्थल के प्रबंधक चित्रलेखा साहू सहित अन्य महिलाओं ने उन्हें यहां पनाह दिया और उनकी एक मां की भांति सेवा जतन किया गया। उनके रहने खाने का पूरा इंतजाम महिलाओं द्वारा किया गया। जब विगत 1 अप्रैल को उक्त महिला का अस्वस्थता के चलते निधन हुआ तो समूह की महिलाओं द्वारा इसकी जानकारी उनके परिवार वालों को दी गई कि अंतिम संस्कार के लिए शव को ले जाइए। लेकिन निर्दयता व दूरी ऐसी झलक रही थी कि जो कुछ रिश्तेदार नेवारीकला में रहते हैं, उन लोगों ने अंतिम संस्कार करने या शव ले जाने से भी मना कर दिया और किसी ने ध्यान नहीं दिया। जिसके बाद मानवता का परिचय देते हुए नगर पालिका प्रशासन के सहयोग से जय मां बंजारी क्षेत्रीय संघ की महिलाओं ने उक्त महिला के शव का अंतिम संस्कार बालोद के तांदुला नदी के पास करवाया।

बकायदा सभी शेष अनुष्ठान भी किए गए। तीजनहावन कार्यक्रम के बाद आत्मा की शांति के लिए आश्रय स्थल में शांति पाठ का भी आयोजन किया गया। इस पूरे आयोजन में प्रमुख रूप से जय मां बंजारी क्षेत्रीय संघ के अध्यक्ष व आश्रय स्थल की प्रबंधक चित्रलेखा साहू, सचिव शौकत शकुन गौतम, कोषाध्यक्ष अनीता देशमुख, सदस्य संगीता शर्मा, आश्रय स्थल के कर्मचारी कमला चंद्राकर, पूर्णिमा चंद्राकर, पुष्पा देशमुख, राजेंद्र देशमुख, योगेंद्र साहू सहित नगर पालिका के कर्मचारियों का योगदान रहा।

You cannot copy content of this page