अपडेट – नक्सली हमले में 5 शहीद की पुष्टि, सीएम ने कहा यह नक्सलियों की हताशा का परिणाम है, उनके पैर उखड़ने लगे हैं,,,, देखिये घटना से अब तक की पूरी तस्वीरें



मुख्यमंत्री श्री बघेल ने नक्सलियों द्वारा जवानों की बस को ब्लास्ट से उड़ाने की घटना की कड़ी निंदा की : जवानों की शहादत पर गहरा दुख प्रकट किया

घायल जवानों को बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के दिए निर्देश, पुलिस महानिदेशक को घटना की पूरी जानकारी लेकर सभी जरूरी कदम उठाने के दिए निर्देश

रायपुर/नारायणपुर -मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने नारायणपुर में नक्सलियों द्वारा जवानों से भरी बस को ब्लास्ट से उड़ाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। इस दुखद घटना में एक वाहन चालक सहित डीआरजी के 4 जवानों की शहादत पर मुख्यमंत्री ने गहरा दुख प्रकट किया है।

उन्होंने शहीद जवानों और वाहन चालक के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि सुरक्षा बलों की लगातार की जा रही कार्रवाई से नक्सलियों के पैर उखड़ने लगे हैं। यह घटना नक्सलियों की हताशा का परिणाम है। नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान और तेज होगा।

मुख्यमंत्री ने इस घटना में घायल जवानों को बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं, साथ ही उन्होंने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक श्री डी.एम. अवस्थी को घटना की पूरी जानकारी लेकर सभी आवश्यक कदम शीघ्र उठाने के निर्देश दिए हैं।

 ज्ञातव्य है कि डीआरजी बल के जवान नारायणपुर में नक्सल विरोधी अभियान के बाद जिला मुख्यालय नारायणपुर लौट रहे थे। इस दौरान कन्हारगांव – कड़ेनार रोड में एक आईईडी विस्फोट में एक वाहन चालक और चार जवान शहीद हो गए। इस घटना में दो जवानों के गंभीर रूप से घायल तथा 12 अन्य जवानों को मामूली चोट आयी है। घटना स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है तथा घायल जवानों को उपचार के लिए भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर से रायपुर लाया जा रहा है।

ये 5 जवान हुए शहीद

नक्सलियों के ब्लास्ट में डीआरजी के प्रधान आरक्षक जय लाल उइके ग्राम कसावाही निवासी, करन देहारी निवासी अंतागढ़ (ड्राइवर), सेवक सलाम निवासी कांकेर, पवन मंडावी निवासी बहीगांव और विजय पटेल निवासी नारायणपुर समेत 5 जवान शहीद हो गए. हमले में 22 जवान घायल हुए हैं. जिसमें से 7 घायलों को एयरलिफ्ट कर रायपुर ले आया गया है. बाकी घायल जवानों को नारायणपुर में ही इलाज चल रहा है. 

पूर्व  सीएम रमन ने जताया दुख

पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने ट्वीट कर कहा कि नारायणपुर जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए कायराना हमले में शहीद जवानों को नमन कर उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ. दु:ख की इस घड़ी में वीर जवानों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. ईश्वर से प्रार्थना है घायल जवानों को जल्द स्वस्थ लाभ प्राप्त हो.

अमित जोगी ने कहा सरकार नक्सली मोर्चे पर नाकाम

 

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने भी नक्सली हमले में शहीद जवानों के प्रति दुःख जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है. इसके साथ ही घायल जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है. अमित ने भूपेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इस हमले ने प्रदेश सरकार के नक्सलवाद से निपटने के खोखले दावों की पोल खोलकर रख दी है. सरकार नक्सल मोर्चे पर पूरी तरह नाकाम है.

You cannot copy content of this page