DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सुनसान सड़क पर ‘लूट गैंग’ का हमला: चाकू गले पर रखकर छीने रुपए और मोबाइल, बालोद पुलिस ने दबोचा एक आरोपी

बालोद। झलमला रानीमाई-तालगांव मार्ग पर राहगीर से चाकू की नोक पर लूट की वारदात का बालोद पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दल्लीराजहरा निवासी सचिन सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

प्रार्थी रामेश्वर साहू (27 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-07 कोरर, जिला कांकेर ने थाना बालोद में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 जून 2026 को वह राजनांदगांव से मोटर पार्ट्स खरीदकर लौट रहे थे। सामान नहीं मिलने के कारण शेष 4,500 रुपये लेकर झलमला रानीमाई-तालगांव रोड से वापस आ रहे थे। 14 जून की सुबह लगभग 4 बजे वह सड़क किनारे शौच के लिए रुके थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक पहुंचे।

आरोपियों में से एक ने डंडे से हमला किया, जबकि दूसरे ने चाकू गले पर अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी और जेब में रखे 4,500 रुपये तथा मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

पहले बनाई योजना, फिर राहगीर को बनाया शिकार

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर एवं एसडीओपी बोनीफॉस एक्का के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर सचिन सिंह राजपूत (18 वर्ष 2 माह), निवासी वार्ड क्रमांक-21 रेलवे कॉलोनी, दल्लीराजहरा को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने तीन साथियों के साथ चिखलाकसा तालाब के पास मिला था, जहां चारों ने राहगीरों को लूटने की योजना बनाई। इसके बाद वे दल्लीराजहरा से बालोद पहुंचे और रानीमाई रोड पर रामेश्वर साहू को निशाना बनाया। लूट के बाद मोबाइल रास्ते में फेंक दिया गया तथा 4,500 रुपये चारों ने आपस में बांट लिए, जबकि 500 रुपये चाय-नाश्ते में खर्च कर दिए।

चाकू बरामद, आरोपी जेल भेजा गया

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जांच टीम की रही अहम भूमिका

पूरे प्रकरण की विवेचना एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, उपनिरीक्षक गौकरण भंडारी, साइबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य तथा थाना बालोद एवं साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

You cannot copy content of this page