DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

5 लाख की चोरी का चौंकाने वाला खुलासा: बेटे ने उड़ाए रुपये, मां ने रख ली रकम; दोनों की करतूत आई सामने

बड़ी मां की आलमारी से नगदी पार, रकम लौटाने का वादा कर मुकरने पर महिला गिरफ्तार

बालोद। परिचित के घर से 5 लाख रुपये की चोरी के मामले में बालोद पुलिस ने फरार चल रही आरोपी ममता साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि चोरी की रकम नाबालिग बालक ने अपनी मां को दी थी, जिसने रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में मुकर गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी नितेश कुमार साहू पिता स्व. दीपक साहू (29 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 06, पाण्डेपारा, बालोद ने थाना बालोद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 नवंबर 2025 से 25 फरवरी 2026 के बीच उसकी मां श्रीमती मीना साहू के कमरे में रखी आलमारी से 5 लाख रुपये नगद चोरी हो गए थे। शिकायत पर थाना बालोद में अपराध क्रमांक 102/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पूर्व में विधि से संघर्षरत एक नाबालिग बालक से पूछताछ की गई। उसने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बड़ी मां मीना साहू के घर की आलमारी से रकम चोरी की थी और उसमें से 3.60 लाख रुपये अपनी मां ममता साहू को दिए थे। उसने यह भी बताया कि उसकी मां ने 4 लाख रुपये वापस करने का वादा किया था, लेकिन बाद में मुकर गई।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी ममता साहू को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसके पुत्र ने चोरी की रकम में से 3.60 लाख रुपये उसे दिए थे। आरोपी ने बताया कि इस राशि का उपयोग घरेलू खर्च, नाबालिग द्वारा पार्टी करने तथा उसके जमानत संबंधी खर्चों में किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी की रकम को बेईमानीपूर्वक अपने पास रखने का अपराध पाए जाने पर 1 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, प्रधान आरक्षक 1732 योगेश सिन्हा, परि. उप निरीक्षक आशमा कुर्रे, महिला आरक्षक जागृति ठाकुर, ममता ठाकुर, लक्ष्मी पटेल एवं पूर्णिमा ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही।

You cannot copy content of this page