बालोद। नगर पालिका परिषद बालोद द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से बुधवार को कई निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष प्रतिभा संतोष चौधरी ने तांदुला डैम स्थित गौठान में टिनशेड निर्माण, वार्ड क्रमांक 1 में आरसीसी नाली निर्माण, वार्ड क्रमांक 19 में सीसी रोड निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 18 में सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया।

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान संबंधित वार्डों के नागरिकों में उत्साह का माहौल रहा। विशेष रूप से वार्ड क्रमांक 18 के रहवासियों ने नपा अध्यक्ष का आतिशबाजी एवं गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने इन विकास कार्यों को क्षेत्र की आवश्यक जरूरत बताते हुए नगर पालिका परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया

इस अवसर पर नपा अध्यक्ष प्रतिभा संतोष चौधरी ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराना परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, टिनशेड सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी नगर विकास की रफ्तार इसी तरह बनी रहेगी।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष कमलेश सोनी सहित पार्षद गिरजेश गुप्ता, श्यामा यादव, पुष्पा साहू, कसीमुद्दीन कुरैशी, कैलाश यादव, ईश्वर साहू, जगदीश साहू, विनय राजपूत, अरविंद साहू, लोकेश साहू, युगल किशोर साहू, जागेश्वर ढीमर, शिव प्रसाद सोनकर, जगदीश यादव, याकेश्वरी देशमुख, सुरेखा बाई पटेल एवं गणेशी यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में नागरिकों ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। नगर पालिका परिषद ने भी जनहित के विकास कार्यों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।











