तालाब की खुदाई में मिली थी हनुमान और शिव प्रतिमा, अब गांव में विकसित हो रहा नया धार्मिक केंद्र
गुंडरदेही। विकासखंड के ग्राम सिर्राभांठा में आस्था, संस्कृति और जनसहभागिता का प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिल रहा है। गांव के समाजसेवी राजेश सिन्हा के प्रयासों से यहां भव्य बजरंगबली मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का मानना है कि मंदिर निर्माण पूर्ण होने के बाद यह स्थान क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र बनेगा।

ग्रामीण अध्यक्ष ओम प्रकाश सिन्हा ने बताया कि मंदिर के पीछे स्थित पुराने तालाब की खुदाई के दौरान वर्षों पहले एक शिला पर भगवान हनुमान एवं भगवान शिव की प्रतिमाएं प्राप्त हुई थीं। इसके बाद ग्रामीणों की इस स्थल के प्रति गहरी आस्था जुड़ गई और यहां एक मंदिर की स्थापना की गई।
अब उसी ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले स्थल को नया स्वरूप देते हुए भव्य बजरंगबली मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहल गांव की धार्मिक पहचान को मजबूत करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने का माध्यम बनेगी।

ग्राम के सिन्हा समाज अध्यक्ष खेमराज सिन्हा ने बताया कि समाजसेवी राजेश सिन्हा लंबे समय से गांव के विकास के साथ धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके सहयोग और समाज की सहभागिता से पुराने डबरीनुमा तालाब का जीर्णोद्धार कराया गया तथा उसके तट पर अब सुंदर एवं भव्य हनुमान मंदिर आकार ले रहा है।
ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि मंदिर निर्माण पूर्ण होने के बाद यह स्थल केवल पूजा-अर्चना का केंद्र ही नहीं रहेगा, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और जनसहभागिता का भी प्रतीक बनेगा। मंदिर परिसर में भविष्य में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन की भी योजना है, जिससे गांव की सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान मिलेगी।











